बजट में सभी वर्गों का ख्याल रखा जाएगा: राज्य मंत्री
सिरसा। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विकासशील नेतृत्व में सबका साथ-सबका विकास नारे को फलीभूत करते हुए विकास कार्यों में देश व प्रदेश ने नई बुलंदियों को छुआ है। वे स्थानीय लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
हरियाणा में आगामी बजट के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब पर राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश के बजट में सभी वर्गों का ख्याल रखा जाएगा और यह सर्वहितकारी बजट पेश होगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में जींद विधानसभा उप चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी डॉ. कृष्ण मिढ्ढा की भारी मतों से जीत इस बात का प्रमाण है कि भाजपा की प्रदेश में जबरदस्त लहर है और सरकार की जनहितैषी नीतियों एवं विकास पर जनता ने मोहर लगाई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल में नेतृत्व में बनी सरकार ने देश व प्रदेश में रिकार्ड विकास कार्य करवाए हैं। राज्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा व विधानसभा चुनावों के बाद हरियाणा में पंचायती राज संस्थाओं, नगर परिषदों एवं नगर पालिकाओं, नगर निगमों के चुनाव भी शांतिपूर्ण ढंग से करवाए गए जिनमें भाजपा को भारी सफलता मिली है।