107 बार फोन करने पर अधिकारियों ने उठाई कॉल, बोले आधे घंटे में ठीक हो जाएगी लाइन
सिरसा। शहर के खन्ना कॉलोनी क्षेत्र में रात्रि को खराब हुई लाइन को ठीक करवाने के लिए कॉलोनी के लोगों ने 107 बार निगम के अधिकारियों को फोन किया, लेकिन किसी ने नहीं उठाया। 11 बजकर 29 मिनट पर निगम के एक्सईएन ने एक बार फोन उठाया और आधे घंटे में लाइन ठीक करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद दोबारा एक्सईएन न कॉल रिसीव नहीं की। कॉलोनी के लोगों ने अधिकारियों के रवैये को लेकर निगम के एमडी को ईमेल भी भेज दी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 11 बजे खन्ना कॉलोनी में लाइनों में फाल्ट आ गया। इस पर कॉलोनी के सैकड़ों लोग अपने घरों से बाहर आ गए और गलियों में अपने मकान के बाहर बैठकर लाइट आने का इंतजार करने लगे। शिकायत केंद्र पर निरंतर फोन लगाया, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। एक घंटा लगातार फोन मिलाने के बाद फोन मिलने पर शिकायत लिखवाई गई, लेकिन रात एक बजे तक बिजली निगम का कोई कर्मचारी कॉलोनी में नहीं आया। इसके बाद खन्ना कॉलोनीवासी बिजली निगम के शिकायत केंद्र जा पहुंचे। यहां उन्होंने शिकायत केंद्र पर मौजूद कर्मचारी से समस्या के बारे में पूछा तो उसने कहा कि उनके पास खन्ना कॉलोनी से किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं दी गई है। इस पर कॉलोनीवासियों ने बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कॉलोनीवासी रमेश व सुखविंद्र ने कर्मचारी से शिकायत लिखवाने की रिकार्डिंग सुनाई तो कर्मचारी ने आनन-फानन में निगम के जेई को सूचना दी।
पीसीआर को दी सूचना:
कर्मचारियों ने लोगों को बेकाबू होते देख तुरंत पीसीआर को फोन कर मामले के बारे में सूचित किया। महज 5 से 7 मिनट में पीसीआर मौके पर पहुंच गई और लोगों को शांत करवाने का प्रयास किया। लेकिन कॉलोनीवासी इस बात पर अड़े रहे कि शिकायत लिखवाने के बाद भी कर्मचारी का कहना है कि आपकी किसी भी प्रकार की कोई शिकायत नहीं आई है।
नहीं है कर्मचारी:
कॉलोनीवासियों ने जब पूछा कि आपके कितनी कर्मचारी रात को कार्यरत रहते हैं तो पता चला की रात में केवल दो लाइन मैन ही कार्यरत हैं। जोकि पूरे सिरसा शहर के लिए रात की ड्यूटी देते हैं। पहले वो हुड्डा जाएंगे वहां से शिकायत का निपटारा करके फिर आपके पास आएंगे। इस पर कॉलोनीवासी और अधिक भड़क गए और एक्सईएन के निवास स्थान पर जाकर उन्हें शिकायत केंद्र पर ले आए और उनसे ही पर्याप्त कर्मचारी न होने का कारण पूछा। एक्सईएन ने कॉलोनीवासियों को आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही उनकी समस्या का समाधान कराएंगे। इतना घटनाक्रम होने के बाद बुधवार अलसुबह 5 बजे फाल्ट को दूर कर कॉलोनी में बिजली सप्लाई बहाल की गई।