अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
एक साल से सीडीएलयू का सामुदायिक रेडियो स्टेशन प्रसारण नहीं दे पा रहा है। तकनीकी खराबी तो ठीक हो गई पर अब तक अनदेखी का ग्रहण इससे नहीं हटा है। जिले के श्रोता इसके प्रसारण को लेकर अनेक बार सीडीएलयू प्रशासन को ज्ञापन भी सौंप चुके हैं पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। अब भी मालूम नहीं है कितने माह और इस रेडियो स्टेशन से प्रसारण शुरू होने में लगेंगे। पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों को भी इससे नुकसान हो रहा है।
दरअसल आठ मई 2016 को सीडीएलयू के सामुदायिक रेडियो स्टेशन में थोड़ी सी तकनीकी खराबी आई थी और उसके बाद प्रसारण बंद हो गया। उसके बाद छोटी सी तकनीकी खराबी को ठीक करवाने में विवि प्रशासन ने करीब एक साल का समय निकाल दिया। अब अप्रैल माह में जब खराबी को ठीक करवा दिया गया तो उसके बाद लाइसेंस की अड़चन आ गई। विवि की लापरवाही देखिए कि वर्ष 2009 के बाद रेडियो स्टेशन का लाइसेंस रिन्यू ही नहीं करवाया।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से हर वर्ष निर्धारित फीस जमा कर रेडियो स्टेशन का लाइसेंस रिन्यू करवाना होता है। अब मंत्रालय ने प्रसारण पर रोक लगा दी है। इसकी चार लाख रुपये से अधिक की फीस जमा होने के बाद ही लाइसेंस मिल सकेगा। विवि प्रशासन ने जब यह फीस भरनी चाही तो ऑडिट ब्रांच ने अड़चन डाल दी क्योंकि जितनी फीस है उससे कहीं अधिक लाइसेंस रिन्यू न करवाने पर पेनल्टी लग गई है। अब विवि प्रशासन इस संशय में है कि फीस और पेनल्टी दोनाें भरने से पूर्व हर वर्ष लाइसेंस रिन्यू करवाने की जिम्मेवारी किसी को सौंपे या फिर फीस भरने के बाद किसी की जिम्मेवारी निर्धारित करे ताकि भविष्य में हर वर्ष लाइसेंस रिन्यू होता रहे और न तो प्रसारण बंद हो तथा न ही पेनल्टी भरनी पड़े।
डेढ़ लाख रुपये लाइसेंस और ढाई लाख रुपये पेनल्टी फीस मांगी
बताया जा रहा है कि इस वक्त मंत्रालय की ओर से करीब डेढ़ लाख रुपये लाइसेंस फीस और ढाई लाख रुपये की पेनल्टी विवि की ओर से मांगी गई है यदि रेडियो का प्रसारण करना है तो इससे पूर्व इस स्टेशन से शहर से 20 किलोमीटर की रेंज में कार्यक्रम प्रसारित होते थे। इसमें पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों का खास योगदान रहता था जिससे उनका प्रेक्टीकल भी हो पा रहा था। इस रेडियो स्टेशन से सांस्कृतिक, शिक्षा, कृषि, सामान्य ज्ञान, मनोरंजन, भक्ति वंदना, कानून संबंधी, नैतिक शिक्षा आदि कार्यक्रम हिंदी, पंजाबी, देशवाली, बागड़ी बोलियों में प्रसारित होते थे जो लोगों को खूब पसंद आ रहे थे।
जल्द शुरू करवाएंगे प्रसारण: वीसी
इस बारे में सीडीएलयू के वीसी प्रो. विजय कायत ने कहा कि रेडियो स्टेशन से प्रसारण शुरू करवाने के लिए फाइल प्रोसेस में हैं। ऑडिट ब्रांच से फाइनल होते से फीस भर देंगे और उसके बाद प्रसारण शुरू हो सकेगा। विवि का रेडियो काफी लोकप्रिय हो चुका था और लोगाें की जरूरत भी बन गया था। अब श्रोताओं को निराश नहीं होने देंगे। अब प्रसारण शुरू होने के बाद एक अधिकारी की जिम्मेवारी निर्धारित कर देंगे ताकि हर वर्ष समय रहते लाइसेंस रिन्यू होता रहे।
सीडीएलयू में रेडियो स्टेशन को अनदेखी का ग्रहण
एफएम रेडियो के प्रसारण में कोई तकनीकी खराबी नहीं फिर भी बंद
लाइसेंस रिन्यू करवाना ही भूल गया सीडीएलयू प्रशासन
---------------------------------------------
फोटो:24एसआईआरपी09:10:सिरसा में चौ.देवीलाल विश्व विद्यालय में स्थित सामुदायिक रेडियो स्टेशन जिस पर पिछले एक साल से बंद पड़ा है।