श्री श्याम बगीची धाम में आयोजितश्रीमद् भागवत कथा के दौरान कलश यात्रा निकालतीं महिलाएं। समिति
सिरसा। श्री श्याम बगीची धाम में श्री श्याम सेवा ट्रस्ट की ओर से सोमवार को श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया गया। कथा से पूर्व मंगल कलश यात्रा का आयोजन किया गया। श्री श्याम बगीची धाम के मुख्य सेवक पवन गर्ग ने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा से पूर्व जनता भवन से मंगल कलश यात्रा निकाली गई।
उन्होंने बताया कि कलश यात्रा से पूर्व कथा वाचक अनंत हरिदासी मीनू शर्मा वृंदावन ने श्रीमद भागवत की पूजा अर्चना करवाई। इसके बाद 151 महिलाएं अपने सिर पर मंगल कलश धारण कर शोभा यात्रा में शामिल हुई। काफी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु अपने हाथों में धर्म ध्वजा लिए हुए शोभा यात्रा में शामिल हुए।
कथा वाचक अनंत हरिदासी मीनू शर्मा वृंदावन फूलों से सुसज्जित रथ में विराजमान रही। मंगल कलश यात्रा जनता भवन से रवाना होकर अनाज मंडी होते हुए श्री श्याम बगीची धाम स्थित कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। शोभा यात्रा में सबसे आगे बैंड पार्टी ने धार्मिक धुनों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। शोभा यात्रा का जगह जगह पर श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। कथा वाचक अनंत हरिदासी मीनू शर्मा ने कहा मंगल कलश धारण करने से जहां आत्मा शुद्ध एवं पवित्र होती है वहीं इसके धारण करने से अनेक बीमारियों से भी मुक्ति मिलती है। उन्होंने कहा कि मंगल कलश में भरा हुआ जल आम पानी न होकर सात दिनों की भागवत के उपरांत अमृत बन जाता है। उन्होंने कहा कि इस जल को पीने से बीमारी दूर होती है, इससे स्नान करने से पापों से मुक्ति मिलती है और इस पवित्र जल को घर में छिडक़ने से दुखों का नाश होता है, घर में सुख का वास होता है।