अमर उजाला ब्यूरो
डबवाली।
कॉलोनी रोड का निर्माण न होने के चलते गुस्साए दुकानदारों ने बुधवार को अपनी दुकानें बंद कर रोड पर धरना देकर सड़क पर जाम लगा दिया और सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
धरने का नेतृत्व कर रहे पूर्व नगर पालिका प्रधान टेक चंद छाबड़ा, वार्ड पार्षद रमेश बागड़ी, दुकानदार सतीश कुमार, बाला राम, जतिन कुमार, प्रवेश सिंगला, कुलदीप, गगन वधवा, गोरव बंसल, अजय बंसल, सचिन आदि ने बताया कि एक करीब वर्ष पूर्व सड़क का नवनिर्माण करवाने के लिए विभाग द्वारा टेंडर लगाए गए थे जिसके चलते जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा सीवर लाइन डालने के लिए इस सड़क को तोड़ा गया था लेकिन सीवर लाइन डलने के बाद अभी तक सड़क का निर्माण नहीं हो पाया है। इसके चलते दुकानदारों व राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा।
दुकानदारों के धरना प्रदर्शन के चलते पंजाब नेशनल बैंक से लेकर श्री अन्नपूर्णा मंदिर तक दो चरणों में सड़क का निमार्ण किया था लेकिन आगे का हिस्सा बगैर निर्माण के ही छोड़ दिया है जिससे उनकी दुकानदारी प्रभावित हो रही है। वार्ड पार्षद रमेश बागड़ी व टेक चंद छाबड़ा ने कहा कि पार्षदों की बैठक में आज तक जितने भी विकास कार्य के प्रस्ताव पारित किए गए है सरकार की बेरूखी के चलते उसमें से किसी भी प्रस्ताव पर कार्य आरंभ नहीं हो पाया है। सड़क की खस्ताहालत के चलते दुकानदार पलायन करने को मजबूर हो चुके हैं।
प्रदर्शन की सूचना पाकर नायब तहसीलदार महेंद्र सिंह, नगर परिषद के ईओ विजयपाल यादव, शहर थाना प्रभारी हवा सिंह, भाजपा नेता देव कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे और दुकानदारों को आश्वासन दिया कि वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है। 15 दिनों में निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा और दो माह में सड़क बना दी जाएगी।
कॉलोनी रोड का निर्माण न होने दुकानदारों में आक्रोश, लगाया जाम
जनस्वास्थ्य विभाग ने सीवर लाइन डालने के लिए तोड़ी थी सड़क, आज तक नहीं बनी