संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। स्कूल शिक्षा विभाग हरियाणा की महत्वाकांक्षी सुपर-100 योजना के तहत आयोजित लेवल-1 परीक्षा में सिरसा जिले के 140 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। यह परीक्षा 11 फरवरी को आयोजित की गई थी। इसके लिए जिले में 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
सुपर-100 प्रोग्राम प्रतियोगी प्रवेश परीक्षाओं के लिए मेधावी विद्यार्थियों को तैयार करने और उन्हें उच्च स्तर की कोचिंग उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से शुरू किया गया एक प्रतिष्ठित कार्यक्रम है। इसके माध्यम से सरकारी स्कूलों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को चिकित्सा और इंजीनियरिंग की राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की तैयारी का विशेष अवसर दिया जाता है।
स्कूल शिक्षा विभाग हरियाणा ने विकल्प संस्थान के सहयोग से वर्ष 2018 में सुपर-100 योजना की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को नीट और आईआईटी-जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उच्च स्तरीय निशुल्क कोचिंग दी जाती है। विद्यार्थियों को रहने और खाने की सुविधा भी सरकार की ओर से निशुल्क उपलब्ध करवाई जाती है।