संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। हरियाणा राज्य विज्ञान नवाचार एवं प्रौद्योगिकी परिषद पंचकूला के सौजन्य से राजकीय नेशनल महाविद्यालय में जिला स्तरीय विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता करवाई गई। प्रतियोगिता में 14 टीमों ने भाग लिया। इस दौरान सीएमके नेशनल महाविद्यालय की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया ।
महाविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डाॅ. हरविंदर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से 14 टीमों ने अपनी सहभागिता दर्ज करवाई। इनमें से स्क्रीन प्रशिक्षण के माध्यम से आठ टीमों का चयन किया गया। इन्होंने मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लिया। स्क्रीन परीक्षण का संचालन डाॅ. बबलेश झोरड़, प्रो. सीमा ने किया। प्रो. दीक्षा व प्रो. मनजीत कौर ने स्कोर बोर्ड संचालक की भूमिका का निर्वहन किया। इस जिलास्तरीय प्रतियोगिता में सीएमके नेशनल महाविद्यालय सिरसा ने प्रथम, जनता गर्ल्स पीजी कॉलेज ऐलनाबाद ने द्वितीय, राजकीय नेशनल महाविद्यालय सिरसा ने तीसरा व पांचवां व सीएमआरजे राजकीय महाविद्यालय मिट्ठी सुरेरां ने चौथा स्थान अर्जित किया। जिलास्तर पर चयनित यह शीर्ष पांच टीमें क्षेत्रीय स्तर की विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अपनी सहभागिता दर्ज करवाएगी। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेताओं सहित सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्राचार्य डाॅ. संदीप गोयल ने अपने संबोधन में विजेताओं सहित सभी प्रतिभागियों को मुबारकबाद प्रदान करते हुए उनके सुखद, सफल, समृद्ध, स्वर्णिम एवं उज्ज्वल भविष्य हेतु मंगल कामना व्यक्त की।