ओढां। पंचायती भूमि की बोली की राशि के गबन करने मामले में सस्पेंड किए जाने उपरांत रिक्त हुए सरपंच के पद के लिए सोमवार को डबवाली के बीडीपीओ कार्यालय में वोटिंग हुई। इस मौके पर राजपुरा के 7 वार्डों के सभी 7 पंच निर्धारित समय पर कार्यालय में पहुंच गए।
बीडीपीओ की अध्यक्षता में हुई बैठक में पांच पंच रामेश्वर लीलड़ के समर्थन में उतर आए। काफी देर तक चली बैठक के उपरांत पंच रामेश्वर ने बहुमत साबित करते हुए सरपंच का दावा पेश किया। वहीं एक महिला पंच ने एतराज जताते हुए कहा कि उसके साथ पंचों ने धोखा किया है। उसे यह कहकर लाया गया था कि उसे सरपंच बनाया जाएगा। जहां सभी ने बीडीपीओ के समक्ष उपस्थिति दर्ज करवाई। पंच गीता देवी, सावित्री देवी, राधेश्याम, शेर सिंह व कुलदीप सिंह ने पंच रामेश्वर लीलड़ के समर्थन में उतरते हुए उसे कार्यवाहक सरपंच चुनने पर सहमति जताई। लेकिन महिला पंच गुरपाल कौर एतराज जताते हुए बैठक से बाहर आ गई। रामेश्वर पक्ष के लोगों ने उसे समझाना चाहा लेकिन वह अपने पति के साथ कार्यालय से बाहर निकल गई। जिसके बाद रामेश्वर लीलड़ ने 5 पंचों को साथ लेकर बहुुमत साबित कर सरपंच पद का दावा पेश किया।
जिस पर बीडीपीओ ने उसे कार्यवाहक सरपंच नियुक्त कर कार्रवाई लिख दी। सरपंच नियुक्त होने की सूचना पर गुरपाल कौर वापस कार्यालय मेें आ गई जहां उसने रोष व्यक्त कर एतराज जताया। गुरपाल कौर व उसके पति का कहना था कि सभी पंचों ने उनके साथ धोखा किया है। उन्हें सरपंच नियुक्त करने की बात कहकर लाया गया था। लेकिन ऐन मौके पर सभी पंचों ने रामेश्वर के पक्ष में समर्थन दे दिया। कार्यवाहक सरपंच नियुक्त होने पर पंचों ने रामेश्वर लीलड़ को फूल मालाएं डालकर बधाई दी।
कल ही चार्ज दे दिया जाए
बीडीपीओ बलराज सिंह ने ग्राम सचिव को निर्देश दिए कि सस्पेंड सरपंच से चार्ज लेकर कार्यवाहक सरपंच को कल ही चार्ज सौंप दिया जाए। इसके अलावा पंचायत की जो भी चल-अचल संपत्ति है वो भी सौंप दी जाए। इसके अलावा करीब 19 दिन पूर्व सरपंच इंद्राज द्वारा गांव की करीब 98 एकड़ भूमि की बोली करवाए जाने की बात उठी। ग्राम सचिव ने बीडीपीओ को बताया कि इस बोली से 21 लाख 33 हजार 200 रुपये की आमदन हुुई है। जिस पर बीडीपीओ ने ग्राम सचिव को निर्देश दिए कि उक्त राशि को शीघ्र ही बैंक में जमा करवाई जाए।
पंच रामेश्वर लीलड़ को बहुमत साबित करने पर कार्यवाहक सरपंच नियुक्त किया गया है। कार्यवाहक सरपंच को चार्ज दिए जाने के निर्देश दे दिए गए है। इसके अलावा पूर्व सरपंच द्वारा करवाई गई पंचायती भूमि की बोली की राशि को भी बैंक में जमा करवाने को कहा गया है।
- बलराज मलेठिया, बीडीपीओ, डबवाली।