अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
गांव नेजियाखेड़ा में वीरवार रात एक किसान के घर से लाखों रुपये की चोरी हो गई। चोर घर से नकदी व स्वर्ण आभूषण ले गए। किसान ने चोरी की शिकायत नाथूसरी चोपटा थाना में दर्ज करवाई है। चोरी की घटना का पता शुक्रवार सुबह परिवार के उठने के बाद लगा।
जयप्रकाश पुत्र गिरधारी लाल ने अपनी शिकायत में बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। बीती रात वह, उसके माता-पिता, पत्नी व बच्चे घर पर सोये हुए थे। रात को कोई चोर खेतों के रास्ते दीवार फांदकर रसोई की कुंडी तोड़कर घर में घुस गया। रसोई के साथ लगते कमरे में रखी लोहे की अलमारी से 20 हजार रुपये, 25 ग्राम वजनी सोने का कड़ा, एक सोने की अंगूठी चोरी हो गए। उसी कमरे में रखा छोटा ट्रंक भी गायब था। आसपास तलाश करने के बाद उसके ताऊ के लड़के भगवान को वह नरमा के खेत में पड़ा मिला। ट्रंक का ताला टूटा हुआ था और उसमें से पांच हजार रुपये नकद, एक चेन, एक लॉकेट, चार अंगूठी, एक कांटा जोड़ी सोने की चोरी हो गया। उनके घर से 25 हजार रुपये की नकदी व 110 ग्राम स्वर्ण आभूषण चोरी हुए हैं। उन्होंने थाना में चोरी की शिकायत दर्ज करवाते हुए चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
नेजियाखेड़ा में किसान के घर लाखों की चोरी