फतेहाबाद में पकड़े गए अफीम तस्कर और जानकारी देते हुए एएसपी दिव्यांशी सिंगला
फतेहाबाद। सीआईए रतिया पुलिस ने एनएच-9 स्थित धांगड़ पुल के पास कार्रवाई करते हुए कार से 13 किलो 60 ग्राम अफीम बरामद कर महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी मध्यप्रदेश से अफीम लाकर हरियाणा और पंजाब में सप्लाई करने की फिराक में थे।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दिल्ली नंबर की होंडा सिटी कार जब्त की है जिस पर प्रेम का स्टीकर लगा था। पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार ने बताया कि बुधवार को आरोपियों को अदालत में पेश किया जहां से महिला को न्यायिक हिरासत जबकि ईश्वर लाल को पांच दिन के रिमांड पर भेजा गया है।
एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सीआईए टीम ने धांगड़ पुल के पास नाकाबंदी की। सूचना थी कि बरलाई निवासी ईश्वर लाल जिला नीमच, मध्यप्रदेश और बैजलपुर निवासी सोना प्रजापति जिला रायसेन, मध्यप्रदेश अफीम लेकर हरियाणा की ओर आ रहे हैं। पुलिस ने संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली जिसमें 13 किलो 60 ग्राम अफीम बरामद हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए कार के आगे-पीछे एक समाचार पत्र के नाम के प्रेस स्टीकर लगाए थे। वाहन में प्रेस आईडी भी रखी गई थीं ताकि खुद को पत्रकार बताकर जांच से बचा जा सके। इसके अलावा कार में महिला को साथ बैठाया गया था जिससे पुलिस को कम संदेह हो। तस्करी के लिए दिल्ली नंबर की कार का इस्तेमाल भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी ईश्वर लाल के खिलाफ पहले भी पंजाब के बठिंडा जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े लोगों का सुराग लगाने में जुटी है।