जिला बार एसोसिएशन चुनाव की तस्वीर साफ, महिला अधिवक्ता संतोष रानी निर्विरोध चुनी गईं संयुक्त सचिव
प्रधान पद के लिए छह प्रत्याशियों के बीच होगी कांटे की टक्कर, 1685 अधिवक्ता करेंगे उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिला बार एसोसिएशन चुनाव के लिए चुनाव समिति ने उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी है। शनिवार को नामांकन पत्र वापस लेने और जांच की प्रक्रिया पूरी हुई। इस दौरान नामांकन दाखिल करने वाला कोई भी अधिवक्ता नामांकन वापस लेने चुनाव समिति के समक्ष नहीं पहुंचा।
जांच में सभी उम्मीदवारों के नामांकन पत्र सही पाए गए। वहीं, संयुक्त सचिव पद पर महिला अधिवक्ता संतोष रानी को निर्विरोध चुन लिया गया। इस पद पर उनके अलावा किसी अन्य अधिवक्ता ने नामांकन दाखिल नहीं किया था। अब 11 सितंबर को 1685 अधिवक्ता मतदान कर उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
प्रधान पद के लिए वर्तमान प्रधान वरिष्ठ अधिवक्ता गंगाराम ढाका, पूर्व प्रधान जीपीएस किंगरा, रघुबीर खिंडा, भूपेंद्र खट्टर, सुरेंद्र जाखड़ व पूर्व प्रधान आदित्य राठौर के बीच मुकाबला होगा। छह उम्मीदवार होने के कारण प्रधान पद का चुनाव सबसे अधिक रोचक माना जा रहा है।
उप प्रधान पद इस बार एसोसिएशन के इतिहास में पहली बार महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। महिला वर्ग में अमनदीप कौर और मोनिका शर्मा के बीच मुकाबला होगा। वहीं, पुरुष वर्ग में संजीव गर्ग, विकास ढिल्लो और गुरतेज सिंह बराड़ उप प्रधान पद के लिए मैदान में हैं।
सचिव पद के लिए अधिवक्ता कपिल देव और दर्शन लाल छाबड़ा आमने-सामने हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी उम्मीदवार चुनाव प्रचार में जुट गए हैं।
पार्टी व बैनर लगाने पर रोक
चुनाव अधिकारी अरविंद्र सिंह वधवा ने बताया कि इस बार चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार चुनाव प्रक्रिया के दौरान होटल, रेस्टोरेंट या बार रूम में मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से पार्टी या कोई फंक्शन नहीं कर सकेंगे। इसके अलावा, सिक्योरिटी राशि वापस नहीं होगी। उम्मीदवार वोट मांगने के उद्देश्य से किसी भी मतदाता के घर नहीं जाएंगे। चैंबर व न्यायिक परिसर में उम्मीदवार होर्डिंग, बैनर नहीं लगाएंगे। ऐसा पाए जाने पर नामांकन रद्द हो जाएगा।
मोबाइल ले जाने पर रहेगा प्रतिबंध
इस बार मतदान केंद्र में मोबाइल और कैमरा लेकर जाने पर प्रतिबंध रहेगा। केंद्र में केवल मताधिकार प्राप्त अधिवक्ता व उम्मीदवारों के एजेंट ही आ सकेंगे। सिरसा बार एसोसिएशन ने आम चुनाव की भांति बार चुनाव में नोटा का विकल्प भी मतदाताओं के लिए रखा है। वोट डालने का अधिकार उन्हीं अधिवक्ताओं को होगा जिन्होंने एसोसिएशन को यह शपथ पत्र दिया हुआ है कि वे वकालत के अलावा कोई दूसरा कारोबार नहीं करते।
सुबह 9 बजे शुरू होगी वोटिंग
बार चुनाव को लेकर वोटिंग 11 सितंबर सुबह नौ बजे शुरू होगी और शाम पांच बजे तक चलेगी। इसके तुरंत बाद मतों की गिनती का कार्य शुरू हो जाएगा। सबसे पहले सचिव पद का परिणाम घोषित होगा। इसके बाद संयुक्त सचिव, फिर उपाध्यक्ष और अंत में प्रधान पद का परिणाम घोषित किया जाएगा।