सिरसा। व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं चुनावी भागीदारी कार्यक्रम के तहत वीरवार को स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में सामूहिक मतदाता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आरके सिंह ने सिरसा का अभिमान-शत प्रतिशत मतदान के स्लोगन के साथ जिला के अधिकारियों व कर्मचारियों को शपथ दिलवाई। इसके अलावा जिला के लगभग 100 से भी अधिक शिक्षण संस्थान वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़े। जिला के सवा लाख लोगों ने एक साथ मतदान की शपथ ली।
जिला निर्वाचन अधिकारी आरके सिंह ने कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों तथा वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से जुड़े स्कूली बच्चों व आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए 25 मई को हरियाणा में होने वाले मतदान में सौ प्रतिशत मतदान करवाना जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है। भारतीय चुनाव आयोग के निर्देशानुसार सभी विभागों द्वारा स्वीप कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा 85 वर्ष अधिक उम्र व दिव्यांगजनों को घर से ही मतदान की सुविधा दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन एप व पोर्टल लांच किए गए हैं। नागरिक ईक्यूएमएसएचआरवाईडॉटएनआईसीडॉटइन पोर्टल के माध्यम से यह जान सकते हैं कि उनके संबंधित पोलिंग बूथ में वोट डालने के लिए लाइन में कितने लोग खड़े हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सभी वर्गों की चुनाव में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर एसडीएम कालांवाली सुरेश रावेश, सीटीएम पारस, डीआरओ सुरेश कुमार, डीआईओ सिकंदर, जिला के स्वीप के ब्रांड एंबेसडर व पैरा एशियाई मेडल सिल्वर विजेता प्रमोद कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हेल्पलाइन एप व पोर्टल लॉन्च
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नागरिक अपनी समस्याओं के निवारण के लिए हेल्पलाइन टोल फ्री नं. 1950 व सी-विजिल एप की सहायता ले सकते हैं। दिव्यांगजनों के लिए मताधिकार का प्रयोग सहज एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से सक्षम एप बनाया गया है। यदि मतदाता की वोटर आईडी गुम हो गया है या फिर वह वोटर कार्ड की डिजिटल कॉपी सहेज कर रखना चाहता है तो वोटर हेल्पलाइन एप या निर्वाचन आयोग की वेबसाइट वोटरसडॉटईसीआईडॉटजीओवीडॉटइन से अपना वोटर कार्ड आसानी से मोबाइल या कंप्यूटर पर डाउनलोड कर सकते हैं। यह डिजिटल वोटर कार्ड मतदान करने के लिए पूरी तरह से मान्य है। डिजिटल वोटर कार्ड ई-ईपीआईसी को डिजी लॉकर में भी अपलोड किया जा सकता है। इसके अलावा इसे प्रिंट भी कराया जा सकता है।
स्वीप के ब्रांड एंबेसडर ने दिया मतदान का संदेश
मतदाता शपथ कार्यक्रम में जिला सिरसा के स्वीप के ब्रांड एंबेसडर व पैरा एशियाई सिल्वर मेडल विजेता प्रमोद बिजारणिया ने लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए सभी को अवश्य मतदान करना चाहिए। नागरिक बिना किसी लोभ, लालच के अपने मनचाहे उम्मीदवार को वोट दें तथा जिला की मतदाता प्रतिशत को शत प्रतिशत बनाएं। साथ ही नागरिक अन्य मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि 25 मई को वे स्वयं भी अपने परिवार के सदस्यों के साथ वोट डालने जाएंगे। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी आरके सिंह व स्वीप के नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त डाॅ. विवेक भारती ने प्रमोद कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।