जलालआना में चोरमार माइनर का टूटा पुल बना मुसीबत
ओढां। गांव जलालआना में पिपली रोड पर चोरमार माइनर का जर्जर पुल पिछले कुछ दिनों से बीच में से टूट गया है और हादसों को न्योता दे रहा है। विभाग द्वारा ध्यान न दिए जाने के चलते पंचायत ने टूटे हिस्से के बाहर सीमेंट से ईंट लगवाई हैं।
ग्रामीण बलवीर सिंह, सुखराज सिंह, मक्खन सिंह, सबजंट सिंह बराड़ ने बताया कि माइनर का पुल काफी पुराना होने के चलते उसमें से मलबा गिर रहा था। लेकिन पिछले कुछ दिनों से पुल बीच में से टूट गया है। जिसके चलते यहां हादसा होने का भय बना हुआ है। वहीं हादसे से आशंकित पंचायत ने सडक़ के बीच टूटे हिस्से के चारों ओर सीमेंट लगवाकर छोटी दीवार निकलवाई है ताकि रात्रि के समय कोई दोपहिया वाहन चालक इससे दुर्घटनाग्रस्त न हो जाए। ग्राम सरपंच प्रतिनिधि अमनदीप सिंह ने बताया कि पुल के टूटे हिस्से बाबत उन्होंने संबंधित विभाग को कई बार अवगत करवा दिया। लेकिन फिर भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। जिसके बाद पंचायत ने अपने स्तर पर वहां ईंटों से छोटी दीवार बनवाते हुए वहां चेतावनी भी अंकित करवाई है। ग्रामीणों ने विभाग से मांग करते हुए कहा कि इस समस्या की ओर शीघ्र ही ध्यान दिया जाए ताकि किसी की जान-माल का नुकसान न हो।
हमें समस्या के बारे में जानकारी मिल गई हैं। पुल का एस्टिमेट स्वीकृत हो चुका है। अगले सप्ताह तक कार्य शुरू हो जाएगा। पुल पर 6 लाख रुपये की लागत आएगी। --विनय कुमार, जेई (नहरी एवं सिंचाई विभाग)