कल्चरल फेस्ट से तराशी जाएगी सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों की प्रतिभा
सिरसा। सरकारी स्कूलों के बच्चों की क्षमता व छुपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के लिए विभाग की ओर से अक्तूबर माह में कल्चरल फेस्ट-2018 का आयोजन किया जा रहा है। उक्त कार्यक्रम में राजकीय विद्यालय, आरोही व केजीबीवी विद्यालयों की कक्षा 5 से 8 व 9 से 12 के प्रतिभागी भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसी को लेकर माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों व जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजकर कल्चरल फेस्ट - 2018 के आयोजन को लेकर दिशा निर्देश जारी किए हैं। सिरसा जिले के सातों खंडों में होने वाली खंड स्तरीय प्रतियोगिता के लिए विभाग द्वारा 113400 रुपए की राशि जारी की गई है। इस राशि में पुरस्कार के तौर पर 16200 रुपये, रिफ्रेशमेंट व अन्य खर्च के लिए 40800 रुपये, इमरजेंसी सेवाओं के लिए 2 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। पुरस्कार की राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में डाली जाएगी। अहम बात ये है कि 5 से 8 कक्षा के विद्यार्थियों की पुरस्कार की राशि का भुगतान जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी व कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों की राशि का भुगतान जिला शिक्षा अधिकारी करेंगे।
खंड व जिला स्तर पर होगा आयोजन:
विभाग द्वारा जारी पत्र के मुताबिक कल्चरल-फेस्ट 2018 के तहत होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम खंड व जिला स्तर पर आयोजित होंगे। खंड स्तर पर आयोजन 5 से 10 अक्तूबर व जिला स्तर पर 27 से 28 अक्तूबर को किया जाएगा। खंड स्तर के लिए कार्यक्रम आयोजित करवाने की जिंमेवारी खंड शिक्षा अधिकारी व जिला स्तर पर कार्यक्रम की जिंमेवारी जिला शिक्षा अधिकारी की रहेगी। खंड स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में होगी। जिसका चयन संबंधित खंड के बीईओ, जिला शिक्षा अधिकारी व जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी से परामर्श कर करेंगे।
कल्चरल फेस्ट के दौरान ये होंगे कार्यक्रम
विभाग द्वारा करवाए जा रहे कल्चरल फेस्ट-2018 के दौरान विद्यार्थी अलग-अलग पांच प्रकार के कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। फोक डांस, जिसमें सोलो व ग्रुप डांस होगा। म्यूजिक में सोलो रागिनी व ग्रुप फोक सांग। स्किट व शॉर्ट प्ले। सांझी व क्विज प्रतियोगिताएं होंगी।
खंड स्तर के विजेताओं को मिलेगा नकद पुरस्कार:
खंड स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में फोक डांस ग्रुप, म्यूजिक ग्रुप व स्क्टि एंड शॉर्ट प्ले में प्रथम रहने वाली टीम को दो हजार, द्वितीय को 1600 तृतीय को 800 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। फोक डांस सोलो, रागिनी व सांझी प्रतियोगिता में विजेता को 500, उपविजेता को 300 और तीसरी टीम को 200 रुपये दिए जाएंगे। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को कोई नकद पुरस्कार नहीं मिलेगा।
कोट्स:
-कल्चरल फेस्ट-2018 के लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशालय द्वारा पत्र जारी किया गया है। संबंधित सभी अधिकारियों को पत्र की कॉपी भेज दी गई है। प्रतियोगिता दो समूहों कक्षा 5 से 8 व 9 से 12 में करवाई जाएगी।
-संत कुमार, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सिरसा।