अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
शहर में नशीली दवाओं की तस्करी करने वाली एक महिला को पुलिस ने हजारों नशीली गोलियों सहित रंगे हाथों काबू किया है। उक्त महिला कोर्ट कॉलोनी में स्थित एक ब्यूटी पार्लर के सामने स्कूटी लेकर खड़ी थी और पुलिस को देखकर स्कूटी स्टार्ट करके भागने की कोशिश करने लगी, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी महिला के खिलाफ शहर थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। शनिवार को उसे अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला कोर्ट कॉलोनी में स्थित एक ब्यूटी पार्लर के समक्ष स्कूटी लेकर खड़ी है। उसकी स्कूटी में भारी मात्रा में नशीली दवाइयां हैं। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस टीम को देखकर महिला स्कूटी स्टार्ट करके भागने की कोशिश करने लगी, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में महिला की पहचान सिरसा की प्रमार्थ कॉलोनी निवासी अनीता रानी उर्फ बाला के रूप में हुई। स्कूटी की तलाशी ली गई तो काफी मात्रा में नशीली गोलियां व केप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने अनीता को हिरासत में ले लिया। जांच अधिकारी राज कौर का कहना है कि आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज करके उसे अदालत में पेश कर दिया गया।
नशीली दवाइयों की तस्करी करने वाली महिला गिरफ्तार
1755 नशीली गोलियां बरामद
ब्यूटी पार्लर के पास खड़ी थी स्कूटी लेकर, पुलिस को देखकर भागने लगी