संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। नाथूसरी कलां स्थित संत करीब इंटरनेशनल स्कूल में 11वी कक्षा के छात्र पर एक छात्र ने चाकू से हमला कर दिया। शोर मचाने पर प्रिंसिपल ने घायल छात्र को संभाला और उसे सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया। यहां डॉक्टरों ने घायल की हालत गंभीर होते देख उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर आरोपी छात्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस को दिए बयान में गांव खेड़ी के छात्र ने बताया कि शुक्रवार को स्कूल में आधी छुट्टी के समय ग्राउंड में दो छात्र आपस में झगड़ा कर रहे थे। उसने दोनों छात्रों को झगड़ा करने से रोका और एक छात्र को लेकर क्लास रूम की ओर जाने लगा। इसी दौरान पीछे से दूसरे छात्र ने चाकू से उसपर हमला कर दिया। शोर मचाने पर प्रिंसिपल आंबेडकर सर मौके पर पहुंचे तो आरोपी छात्र चाकू लेकर क्लास रूम की ओर भाग गया। इसके बाद प्रिंसिपल ने उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि आरोपी छात्र के खिलाफ अभियोग दर्ज कर लिया गया है।