हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजे मंदिर
सिरसा। जिले में शिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाई गई। सुबह से ही शिव भक्त अपने शिव मंदिरों में पहुंचने शुरू हो गए। हरिद्वार से कांवड़ लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने भी भोले शंकर का जलाभिषेक किया। मंदिरों में लोग लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। वीरवार को शहर के शिवालय हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजते रहे। शिव रात्रि पर शहर के कई स्थानों पर भंडारे भी लगाए गए। रानियां रोड स्थित श्री बाबा तारा कुटिया में प्रात: हवन यज्ञ का आयोजन किया गया । जिसमें हजारों शिव भक्तों ने आहुति डाली और भगवान शिव व श्री बाबा तारा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
हवन के बाद श्री बाबा तारा कुटिया चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष गोपाल कांडा व दिल्ली के उद्योगपति सुभाष गोयल, कुटिया के मुख्य सेवक गोबिंद कांडा ने प्रसाद वितरित कर भंडारे का शुभारंभ किया। इस अवसर पर गोपाल कांडा ने कहा कि भण्डारे का प्रसाद ग्रहण करने से व्यक्ति में अहम की भावना समाप्त होती है। हजारों शिवभक्तों ने शिवपुरी स्थित शिवालय, बाबा सरसाईं नाथ मंदिर स्थित शिवालय, अग्रसेन कॉलोनी के हनुमान मंदिर में स्थित शिवालय और सनातन धर्म मंदिर में भगवान शंकर का जलाभिषेक किया।
कीर्ति नगर गली के मंदिर में अखंड जलधारा चली
कीर्ति नगर गली नंबर 6 बेगू रोङ में मंदिर शिवरात्रि के पवित्र अवसर पर सारा दिन अखंड जलधारा चली। इस मौके पर पुजारी शगन लाल शर्मा, युवा प्रधान विष्णु शर्मा उपा प्रधान विकास खुराना ,संजय शर्मा, महेश रेलन,बंटी रेलन, पारस खुराना, वेद रेलन, मंगत वधवा ,चीमन रेलन ,पंकज खुराना, अविनाश खुराना उपस्थित थे।