अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक का आयोजन स्थानीय पंचायत भवन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग कल्याण विभाग राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों से संबंधित 26 शिकायतें रखी गईं, जिसमें 18 का मौके पर निपटारा कर दिया गया और आठ मामलों की जांच फिर से करवाने का आदेश दिए गए। मंत्री ने अपने पद का दुरुपयोग करने वाले गांव नेजाडेलाखुर्द के सरपंच को सस्पेंड करने और आदेश दिया वहीं वीटा मिल्क प्लांट के मुख्य कार्यकारी अधिकार को बैठक में गैरहाजिर रहने पर पशुपालन एवं डेयरी मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ से निलंबन की सिफारिश की गई।
बैठक में संदीप बेनीवाल पुत्र जय किशन ने शिकायत रखी कि उनके भाई ने शहीद भगत सिंह स्टेडियम में मुक्केबाजी प्रतियोगिता में भाग लिया था। इस अवसर पर सीडीएलयू की चयन समिति ने न तो परिणाम घोषित किया और न ही विजेता का हाथ रिंग में खड़ा किया। इस बारे उन्होंने न्याय की मांग की थी। सीडीएलयू के सहायक रजिस्ट्रार कुलदीप सिंह ने अपना पक्ष रखा। शिकायतकर्ता के हाजिर न होने पर मंत्री ने एक समिति सदस्य और नायब तहसीलदार को शिकायतकर्ता के घर जाकर उसका पक्ष जानते हुए रिपोर्ट अगली बैठक में रखने का निर्देश दिया। इसी प्रकार कृष्ण कुमार निवासी हिसार ने शिकायत की है कि वे चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय में लेखा अधिकारी के पद पर कार्यरत थे, 28 फरवरी 2017 को सेवानिवृत हुए हैं। अब तक उनकी पेंशन नहीं फिक्स की गई है तथा विश्वविद्यालय के कर्मचारियों द्वारा उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान किया जा रहा है। इस अवसर पर मंत्री ने अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए तथा जल्द से जल्द पेंशन फिक्स करने बारे कार्रवाई करने को कहा। तारा चंद ने बिजली विभाग से संबंधित शिकायत में कहा कि वह एक दिहाड़ीदार मजदूर है, बिजली निगम ने उसे 168326 रुपये का गलत बिल थमाया गया है, इस पर अध्यक्ष ने बिजली निगम के अधिकारियों से कहा शिकायतकर्ता के घर लगे बिजली यंत्र की पुष्टि कर उसका बिल सही किया जाए। भूरा सिंह निवासी रघुआना ने शिकायत की थी कि उनके गांव के जोहड़ का पानी काट दिया गया है जो कि पिछले 50 सालों से लग रहा था। इस जोहड़ से पशु और गांववासी अपनी प्यास बुझाते थे। जोहड़ के पानी को दोबारा चलाने के लिए अपील की है। इस पर मंत्री ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कहा कि जल्द से जल्द नियमानुसार जोहड़ में पानी चलाया जाए।
बैठक में बलकार सिंह रानियां ने शिकायत की थी कि उसने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया रानियां से लोन लिया था, अत: फील्ड अधिकारी द्वारा उसे लोन पर बीमा करवाने के लिए परेशान किया गया तथा प्रार्थी के खाते की उसकी बिना इजाजत के ट्रांजेक्शन की गई, जिसके बारे उसने कार्रवाई की मांग की। उसका कहना था कि खाता उसका है पर उसका संचालन बैंक वाले करते है। इस शिकायत पर अध्यक्ष ने उप पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त उपायुक्त तथा कष्ट निवारण समिति के सदस्य की कमेटी गठित कर कार्रवाई करने के आदेश दिए।
गमदूर सिंह रणजीत सिंह ने शिकायत की कि उससे आढ़ती सुरेंद्र कुमार, तेजभान, ने खाली पेपर पर साइन करवा कर उसके पास रख लिए हैं तथा उसे लाखों रुपये के झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहा है। अध्यक्ष ने दोनों पक्षोें की बात सुनते हुए कमेटी गठित कर निपटारा करने को कहा। रोहताश ने शिकायत की कि आदर्श जमाल दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति जमाल के सदस्य हैं, जिनके द्वारा प्रतिदिन लगभग 1200 लीटर दूध शाखा मिल्क प्लांट सिरसा में डाला जाता है, नियमानुसार दूध की रकम की अदायगी 10 दिन के अंदर-अंदर की जानी होती है। परंतु 27 दिन होने के बावजूद यह राशि नहीं दी गई है ,जिससे पशुओं के चारे के लिए परेशानी होती है, राशि दिलवाने की कृपा करें। इस पर अध्यक्ष ने संबंधित मिल्क प्लांट के कर्मचारी से बात की तथा अतिरिक्त उपायुक्त को जांच पड़ताल करने के आदेश दिए। बैठक में गैर हाजिर रहने पर मिल्क प्लांट के सीईओ को पशुपालन एवं डेयरी मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ से निलबंल की सिफारिश की गई।
हिंदी आंदोलन के सत्याग्रहियों को किया सम्मानित
इस अवसर पर हिंदी आंदोलन के सत्याग्रही जगदीश राय, सहीराम, सविता रानी, सुनीता रानी, चंदो देवी, सीता देवी, दीवान चंद, ओम प्रकाश को स्मृति चिह्न और शॉल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हिंदी आंदोलन के सत्याग्रही व पर्यावरण संरक्षण दीवान चंद ने मंत्री को तुलसी का पौधा भेंट किया।
समय पर करे समस्या का समाधान
इस अवसर पर राज्य मंत्री कृष्ण बेदी ने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि वे समय अनुसार आमजन की समस्याओं को हल करें ताकि समस्या बड़ी न बन जाए। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों से कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त करें तथा शहर में सरकारी व अन्य किसी प्रकार के कब्जों को समय अवधि में ही निपटाएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर तरह की समस्या को अपने स्तर पर ही निपटाने का प्रयास करें। इस अवसर पर उपायुक्त प्रभजोत सिंह ने सभी का धन्यवाद किया।
ये रहे मौजूद
इस बैठक में पुलिस अधीक्षक सिमरदीप सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. मुनीष नागपाल, एसडीएम सिरसा राहुल हुड्डा, एसडीएम डबवाली रानी नागर, एसडीएम कालांवाली बिजेंद्र सिंह, नगराधीश सुरेंद्र बेनीवाल, मुख्यमंत्री की सुशासन सहायिका प्रियंका सिन्हा, जिला राजस्व अधिकारी नौरंगदास, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी प्रीतपाल सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी यज्ञदत्त वर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा यतिंद्र सिंह एडवोकेट, चेयरमैन, हरियाणा माटी कला बोर्ड गुरदेव सिंह राही, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा निताशा सिहाग, चेयरमैन मार्केट कमेटी डिंग राजबीर गोदारा, चेयरमैन मार्केट कमेटी रानियां शीशपाल कंबोज, सदस्य हरियाणा भवन सनिर्माण एवं कर्मकार बोर्ड रोहताश जांगड़ा, देव कुमार शर्मा, बलवान जांगड़ा, प्रदीप रातुसरिया, नक्षत्र सिंह, जगत कक्कड़, सुरेश पंवार, कपिल सोनी, ब्लॉक समिति बड़ागुढ़ा के चेयरमैन गुरविंद्र सिंह, कंवरजीत चहल, विरेंद्र साहु आदि उपस्थित थे।