अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। नगर परिषद और ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को बरनाला रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान दस्ते ने दुकानों के आगे से बोर्ड उतरवाकर ट्राली में रख दिए। जैसे ही टीम गली नंबर तीन पर पहुंची तो वहां पर वरिष्ठ भाजपा नेता सूरज खट्टर का बोर्ड लगा हुआ था। टीम उसके पास से गुजर गई। दुकानदारों ने दस्ते से कहा कि भाजपा नेता का बोर्ड क्यों छोड़ दिया। इस पर चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर ने कर्मचारियों को बोर्ड को काटने के निर्देश जारी कर दिए। कर्मचारियों ने हाइड्रोलिक कटर से उसे काट दिया और ट्राली में रख दिया। इसके बाद बरनाला रोड पर सड़क के दूसरे किनारों पर सामान उठवाया गया। पूरे अभियान की वीडियोग्राफी की गई।
नगर परिषद ने इस रोड पर दो साल बाद ये अभियान चलाया। क्योंकि दो साल पहले जब नगर परिषद ने अभियान चलाया था तो दुकानदारों ने रोड जाम कर दिया था। पूरा बाजार ही अभियान के खिलाफ उतर आया। हालांकि शनिवार को ऐसी कोई घटना नहीं हुई। अभियान में नगर परिषद के चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर देवेंद्र बिश्नोई ट्रैफिक एसएचओ जयभगवान शर्मा, एएसआई धर्मचंद्र, सेनेटरी इंस्पेक्टर पवन कंबोज उपस्थित थे। सुबह साढ़े दस बजे बाल भवन से नगर परिषद ने यह अभियान शुरू किया।
भाजपा नेता सूरज खट्टर पहुंचे नगर परिषद कार्यालय
गली के मोड़ पर लगे साइन बोर्ड के काटकर ले जाने की सूचना भाजपा नेता सूरज खट्टर को मिली। दोपहर दो बजे वे नगर परिषद कार्यालय में आ गए। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों से बोर्ड वापस देने की मांग की। लेकिन नगर परिषद ने साइन बोर्ड देने से मना कर दिया। इसके बाद वे चले गए। ऐसे में अब भाजपा नेता को भी अपना बोर्ड छुड़वाने के लिए कम से कम 200 रुपये का फाइन जमा करवाना होगा। इससे पहले शुक्रवार को नगर परिषद और ट्रैफिक पुलिस ने नगर परिषद की चेयरपर्सन शीला सहगल की गली में भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। अभियान के दौरान अभी तक नगर परिषद ने करीब 40 चालान काटे हैं।
बिना जुर्माना भरे सामान वापस नहीं किया जा सकता। जो भी सामान उठाया गया उसे छुड़वाने के लिए मालिक को कम से कम 200 रुपये जुर्माना भरना ही होगा।