गोहाना (सोनीपत)। शहर के महम रोड स्थित सेक्टर मोड़ पर ट्रॉला की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार दूसरा युवक घायल हो गया। सूचना के बाद भी एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची तो लोग भड़क उठे और हंगामा कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा कर शांत किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
गौतम नगर निवासी रवींद्र (25) अपने साथी के साथ शुक्रवार रात करीब नौ बजे बाइक पर महम रोड स्थित फाटक की तरफ जा रहा था, जब वह महम रोड स्थित सेक्टर मोड़ के निकट पहुंचे तो ट्रॉला ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रवींद्र और उसका साथी सड़क पर गिर गए और रवींद्र के ऊपर से ट्रॉला का पहिया गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने एंबुलेंस के लिए संपर्क किया, लेकिन एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची। इससे गुस्साएं लोगों ने घटनास्थल पर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। पुलिसकर्मी अपनी गाड़ी में शव को अस्पताल लेकर पहुंचे। रवींद्र प्लंबर का काम करता था और उसका करीब आठ माह का बेटा है। शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने रवींद्र के भाई राकेश के बयान पर ट्रॉला चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।