रोहतक। रामगोपाल कॉलोनी के युवक की सोमवार की रात दिल्ली में हुई दो बाइकों की टक्कर में मौत हो गई। दो बेटी के पिता 29 वर्षीय अभिषेक रैपिडो में नौकरी करते थे। मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए परिजन सुबह से शाम तक भटकते रहे लेकिन दिल्ली के तिलक मार्ग थाने की पुलिस रोहतक नहीं आई। इससे परिजन नाराज हैं।
रामगोपाल कॉलोनी निवासी सन्नी कादियान ने बताया कि उनके दोस्त अभिषेक दिल्ली में रैपिडो में नौकरी करते थे। सोमवार को ड्यूटी पर गए हुए थे। रात करीब डेढ़ बजे बाइक से यात्री को छोड़ने जा रहे थे तो कनॉट पैलेस के नजदीक उनकी बाइक की टक्कर दूसरी बाइक से हो गई।
हादसे में अभिषेक घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए रोहतक लेकर आ रहे थे तो सांपला के पास उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई। ट्रामा सेंटर में तड़के साढ़े 4 बजे लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वे पीजीआई थाने में पहुंचे तो उन्हें बताया गया तो शव को पोस्टमार्टम के बाद ही सौंपा जाएगा।
दिल्ली पुलिस ही पोस्टमार्टम कराएगी। वे दिल्ली जाकर कनॉट पैलेस के नजदीक तिलक मार्ग के थाने में घटना के बारे में बताया पर पुलिस रोहतक शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए नहीं आई।