रोहतक। पुलिस की सीआईए-2 स्टाफ की टीम ने गश्त के दौरान प्रतिबंधित नशीली दवा समेत युवक को काबू किया है। इस आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
प्रभारी अपराध शाखा-2 निरीक्षक नवीन जाखड़ ने बताया कि एएसआई संदीप सिंह के नेतृत्व में सीआईए-2 की टीम माता दरवाजा चौक इलाके में गश्त पर थी। गश्ती दल को सूचना मिली कि एक युवक अवैध रूप से प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बेचने का काम करता है। सूचना के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए बूस्टर चौक डेयरी मोहल्ला के पास नाकाबंदी कर पैदल आ रहे युवक को शक के आधार पर काबू किया। पूछताछ में युवक की पहचान रेवाड़ी के दिल्ली गेट निवासी बलबीर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर इसके पास प्लास्टिक की थैली से प्रतिबंधित दवाई की कुल 28 शीशी विनरेक्स बरामद हुई। उक्त दवाइयां एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की श्रेणी में आती हैं। इस संबंध में कोई लाइसेंस या अनुमति वह नहीं दिखा पाया। आरोपी के खिलाफ थाना पुरानी सब्जी मंडी में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।