बलियाना मोड़ पर सीआईए - वन ने मंगलवार देर रात बोलेरो व आई -10 दो कारों में कट्टों में भरी 960 अंग्रेजी शराब की बोतलों समेत एक युवक को गिरफ्तार किया है। जबकि एक अन्य आरोपी भागने में कामयाब रहा। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वे सोनीपत से ढाई हजार रुपये में शराब की पेटी लाकर बोतलों पर रम का लेबल लगाकर दोगुने दामों पर बिहार और गुजरात में बेचते थे। बुधवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस इस पूरे गिरोह का पता लगाने सहित फरार आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास करेगी।
जानकारी के अनुसार सीआईए - वन प्रभारी आजाद सिंह ने बताया कि 31 दिसंबर की रात एएसआई सतीश के नेतृत्व में एक टीम संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के लिए बलियाना मोड़ के पास तैनात थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक बोलेरो व आई -10 कार खरखौदा की ओर से गांव सुंदरपुर की ओर जाएगी। दोनों गाड़ियों में फर्जी लेबल लगी हुई अवैध शराब भरी है। कुछ ही देर बाद वहां पर उक्त दोनों कारें आती दिखाई दीं। इस पर पुलिस टीम ने चालक को रुकने का इशारा किया। पुलिस ने बोलेरो गाड़ी के चालक को पकड़ लिया, जबकि आई 10 कार का चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। इस दौरान तलाशी ली तो बोलेरो में 15 कट्टे लदे मिले। जिन में करीब 48-48 बोतल अंग्रेजी शराब भरी थी। वहीं आई 10 कार में 5 कट्टे मिले। दोनों कारों से 720 और 240 बोतल शराब पकड़ी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पहली बार गिरोह में शामिल हुआ आरोपी
सीआईए - वन प्रभारी आजाद सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ व जांच में सामने आया कि ये तीन आरोपी शराब तस्करी करते हैं। गिरफ्तार आरोपी पहली बार इनके गिरोह में शामिल हुआ। फरार दोनों आरोपियों पर पहले भी शराब तस्करी का केस दर्ज है। आरोपी करीब पांच साल से अवैध शराब बेचने का धंधा कर रहे हैं। एक बार गिरफ्तार भी हो चुके हैं। अन्य राज्यों में किस तरह से सप्लाई की जाती थी, इसके बारे में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही खुलासा होगा।
सोनीपत से लेकर आते थे करीब ढाई हजार रुपये की कीमत की शराब की पेटी
पुलिस के मुताबिक गांव सिसाना निवासी राजेश व सुंदरपुर निवासी सुमित व नवीन अवैध रूप से शराब तस्करी करते हैं। आरोपी सोनीपत से करीब ढाई हजार रुपये की कीमत से शराब की पेटी लेकर आते थे। इसके बाद वे सुंदरपुर में उस पर रम के फर्जी लेबल लगाते थे। शराब पर लेबल लगाने के बाद इसी तरह से कट्टों में भरकर बिहार व गुजरात ले जाते थे। जहां एक पेटी पर दोगुने से भी ज्यादा का मुनाफा कमाते थे। 31 दिसंबर की रात को नवीन व सुमित गांव सिसाना से अलग-अलग कारों में शराब भरकर गांव सुंदरपुर की ओर जा रहे थे।
आईडीसी चौक पर कार से 660 बोतल देसी शराब बरामद
दूसरी ओर इंदिरा कालोनी चौकी इंचार्ज राजू सिंधू ने बताया कि मंगलवार देर रात मुख्य सिपाही संदीप के नेतृत्व में पुलिस टीम पुराना आईडीसी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक स्विफ्ट कार अवैध शराब भरी हुई आईडीसी चौक से होते हुए भिवानी रोड की ओर जाएगी। कुछ ही देर बाद मौके पर उक्त कार आई तो पुलिस ने उसे तलाशी के लिए रुकवाया। पूछताछ के दौरान कार चालक ने अपनी पहचान बापरोला दिल्ली निवासी सुरेश के रूप में बताई। तलाशी के दौरान कार में देसी शराब की 55 पेटी यानि 660 बोतल शराब बरामद हुई। पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।