रोहतक। दो युवकों से ऑनलाइन होटल बुक करने के नाम पर साढ़े 10 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चरखी दादरी के तोशामिया मोहल्ला निवासी अरुण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 30 दिसंबर को अपने दोस्त पवन के साथ रात करीब साढ़े 8 बजे चंडीगढ़ जा रहा था। धुंध ज्यादा होने के कारण गाड़ी चलाने में परेशानी आ रही थी। इसके लिए उन्होंने ऑनलाइन होटल बुक करने को फोन किया। इस दौरान सामने वाले युवक ने अपना नाम सुशी दांगी बताया। अरुण के अनुसार युवक ने होटल से संबंधित सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पेटीएम के माध्यम से ऑनलाइन होटल बुकिंग के नाम पर 8 हजार रुपये पेमेंट करने को कहा। इस पर उन्होंने उक्त अकाउंट में राशि डाल दी। इस पर आरोपी ने व्हाट्सएप पर सोनीपत रोड स्थित एक होटल की लोकेशन भेज दी। इस दौरान आरोपी ने मनीष नाम के कर्मचारी का नंबर दिया और होटल पहुंचने की बात कही। जब वे होटल के बाहर पहुंचते को उक्त नंबर पर फोन किया। मनीष नाम के युवक ने सिक्योरिटी के नाम पर पेटीएम के माध्यम से 2570 रुपये जमा करा लिए। काफी इंतजार के बाद भी कोई होटल के बाहर नहीं आया तो वे अंदर गए। इस दौरान उन्हें पता चला कि उक्त होटल में ऑनलाइन कमरा बुक करने की सुविधा ही नहीं है। इसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले से अवगत कराया। थाना सिविल लाइन पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।