सांपला कस्बे में मिस्त्री का काम करने वाले बिहार निवासी मिंटू मेहता की
हत्या उसके छोटे भाई ने ही की थी। सांपला पुलिस ने मामले का खुलासा करते
हुए सूरत मेहता व लालू शाह को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान
आरोपी ने स्वीकारा कि बिहार में जमीनी विवाद को लेकर भाइयों में आपसी झगड़ा
था और इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की है।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का सरिया व चाकू बरामद कर लिया है बाकी
दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संबंधित स्थानों पर छापेमारी कर रही
है।
डीएसपी शमशेर सिंह दहिया ने बताया कि 31 अक्तूबर को गांव
इस्माईला के पास खेत में पुलिस को एक युवक का शव लहूलुहान हालत में पड़ा
हुआ मिला था। इसी बीच शव की शिनाख्त सांपला में मिस्त्री का काम करने वाले
बिहार निवासी मिंटू मेहता के रूप में हुई। जांच में खुलासा हुआ कि मिंटू
मेहता व उसके भाई सूरत मेहता के बीच जमीनी विवाद को लेकर झगड़ा चल रहा था
और सूरत मेहता भी रेलवे रोड पर रहता है।
पुलिस ने देर रात सूरत
मेहता व उसके साथी लालू शाह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सूरत मेहता ने
बताया कि 26 अक्तूबर को उसने अपने साथी मनोज, विनोद व लालू शाह के साथ
मिलकर अपने भाई की हत्या की और बाद में शव को इस्माईला के पास खेत में फेंक
दिया।