38- मैन ऑफ दा मैच यशनील को ट्रॉफी देते कोच धीरज खटक। स्रोत : कोच
रोहतक। यशनील के शानदार शतक व हिमांक सहगल के शानदार अर्धशतक की बदौलत शिव संगम क्रिकेट अकादमी ने डीसीए मानसा की टीम को 177 रनों से हरा दिया। मैच में शतक लगाने वाले यशनील को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
ऑक्सीजन क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए गोयल अंडर-14 स्प्रिंग क्रिकेट क्लब के लीग मैच में टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए शिव संगम क्रिकेट अकादमी ने 40 ओवर में पांच विकेट खोकर 266 रन बनाए। शिव संगम क्रिकेट अकादमी की ओर से यसनील ने 12 चौकों व दो छक्कों की मदद से 101 रनों की शानदार पारी खेली।
हिमांक सहगल ने आठ चौकों की मदद से 57 रन बनाए। रवीश दलाल ने चार चौकों की मदद से 29 रन, शौर्य ने दो चौक की मदद से 32 रनों का योगदान दिया। डीसीए मानसा की ओर से गेंदबाजी करते हुए पार्थिव सिंगला व सत्येंद्र सिंह ने दो-दो विकेट हासिल किए।
266 रनों का पीछा करने उतरी डीसीए मानसा अंडर-14 की टीम शिव संगम क्रिकेट अकादमी के गेंदबाज कल्पेश दलाल, दक्ष नेहरा व दुर्गेश के सामने नहीं टिक सकी और पूरी टीम 89 रन बना करके ऑल आउट हो गई। डीसीए मानसा की ओर से केवल पार्थिव सिंगला ने 51 रनों का योगदान दिया।
आरव सिंह ने 19 रन बनाए। शिव संगम क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी करते हुए कल्पेश दलाल ने 5.5 ओवर में 23 रन देकर चार खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा। दुर्गेश व दक्ष नेहरा ने दो-दो खिलाड़ियों को आउट किया।