वर्ल्ड ग्रेप्लिंग चैंपियनशिप के लिए चुनी गई 28 सदस्यीय टीम में 15 खिलाड़ी प्रदेश के होंगे।
21 से 24 अगस्त तक मॉस्को में होने वाली प्रतियोगिता के लिए टीम 20 अगस्त को रवाना होगी। इससे पहले 10-18 अगस्त तक गुड़गांव में स्पेशल कैंप लगेगा।
हरियाणा ग्रेप्लिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए चयनित खिलाड़ियों को जिमखाना क्लब में बधाई दी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष व आईपीएस ओपी नरवाल ने बताया कि इंडियन ग्रेप्लिंग एसोसिएशन की ओर से नेशनल ग्रेप्लिंग चैंपियनशिप के विजेताओं का पिछले दिनों एमडीयू में ट्रायल कराया गया था।
जिसमें 28 खिलाड़ियों की भारतीय टीम चुनी गई, 15 खिलाड़ी हरियाणा से चुने गए। इनमें रोहतक से चेतन, अजय, अशोक, सोनीपत से मोहित, विवेक, मनीष, विशेष, निरदेश, कुरुक्षेत्र से साहिल, अंबाला से हनी, जींद से दीप्ति के अलावा विकास, वेणु गोपाल, रोनक व हर्ष शामिल है। उन्होंने बताया कि वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ी 20 अगस्त को मॉस्को के लिए रवाना होंगे और उससे पहले गुड़गांव में स्पेशल नेशनल कैंप लगाया जाएगा। इस दौरान हरियाणा ग्रेप्लिंग एसोसिएशन के सचिव शिव पांचाल, खजांची विनोद कुमार, कोच मुलतान राणा, जगमेन्द्र, जयवीर दांगी मौजूद रहे।
वर्ल्ड ग्रेप्लिंग में चमकेगी प्रदेश की ‘दीप्ति’
वर्ल्ड ग्रेप्लिंग चैंपियनशिप के लिए प्रदेश से जींद की रहने वाली दीप्ति अकेली महिला खिलाड़ी है। दीप्ति के पिता सत्यवान स्वास्थ्य विभाग में है और उसकी मां घर संभालती है। उसने चार साल पहले मार्शल आर्ट शुरू किया था और मार्शल आर्ट के नेशनल में गोल्ड जीत चुकी है। उसने एक साल पहले ही ग्रेप्लिंग भी खेलना शुरू किया और उसने एक साल के अंदर ही मेहनत करके वर्ल्ड चैंपियनशिप में जगह बनाई। वह बीए की छात्रा है। कहती है कि देश के लिए गोल्ड मेडल जीतकर लाना चाहती है।