रोहतक। पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय व नेशनल एकेडमी ऑफ मेडिकल साइंसेज, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में 28 अगस्त को एक दिवसीय सीएमई (सतत चिकित्सा शिक्षा। पर वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा।
इसका विषय ट्रांसफॉर्मेटिव रोल ऑफ आर्टीफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इन मेडिकल एजुकेशन एंड हेल्थ केयर रखा गया है। एनएएमएस सेल हरियाणा की नोडल अधिकारी डॉ. माला कंबोज ने बताया कि यह वर्कशॉप कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल व निदेशक डॉ. एसके सिंघल की देखरेख में होगी।
इसमें मुख्य अतिथि एडिशनल चीफ सेक्रेटरी हरियाणा सरकार मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च सुधीर राजपाल होंगे। विशिष्ट अतिथि मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च निदेशक यशेंद्र सिंह व नेशनल एकेडमी ऑफ मेडिकल साइंसेज के अध्यक्ष डॉ. दिगंबर बहरा रहेंगे।
एनएएमएस सेल के स्टेट कन्वीनर डॉ. ध्रुव चौधरी ने बताया कि वर्कशॉप का उद्देश्य एआई की मेडिकल क्षेत्र में महत्व पर चर्चा करना है। आने वाला समय एआई का है। ऐसे में हमें मेडिकल के क्षेत्र में भी इसकी उपयोगिता के बारे में पता होना चाहिए।
वर्कशॉप में मेडिकल, डेंटल, नर्सिंग, फिजियोथैरेपी, फार्मेसी के फैकल्टी व छात्र हिस्सा लेंगे। डॉ. माला कंबोज ने बताया कि सीएमई में सुबह विशेषज्ञों के व्याख्यान व शाम को तीन वर्कशॉप होंगी।
उनमें रोल ऑफ एआई चैटबोट्स इन मेडिसिन और इलेक्ट्रॉनिक डेटा एक्सट्रैक्शन के विषय में हैंड्स ऑन लैपटॉप पर सिखाया जाएगा। वर्कशॉप में व्याख्यान के लिए कई विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है।
इनमें त्रिवेदी स्कूल ऑफ बायो साइंसेज अशोका यूनिवर्सिटी के डीन डॉ. अनुराग अग्रवाल, टैली रेडियोलॉजी सॉल्यूशंस की सीनियर कंसल्टेंट डॉ. अंजलि अग्रवाल, आईआईआईटी दिल्ली के साइंटिस्ट डॉ. तवप्रितेश, अपार हेल्थ गुरुग्राम की सीईओ डॉ. पूजा शर्मा, बीएमजे ग्रुप इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. प्रशांत मिश्रा, आईजी गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज नागपुर के प्रो. डॉ. सतीश देओपुजारी शामिल हैं।