रोहतक। नारी को अपने नारी को जहां अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए और कर्तव्यों को निष्ठापूर्वक निभाने के लिए संकल्प लेना चाहिए। यह बात स्वामी इन्द्रवेश विद्यापीठ टिटौली में आयोजित राष्ट्रीय कन्या चरित्र निर्माण और योग शिविर में मंगलवार को सार्वदेशिक आर्या युवती परिषद की राष्ट्रीय अध्यक्षा प्रवेश आर्या ने कही। मंगलवार को शिविर विविध प्रेरणास्पद गतिविधियों से समर्पित रहा।
शिविर में प्रतिभागियों को आत्मरक्षा के साथ-साथ आत्मिक उन्नति की दिशा में प्रशिक्षित किया जा रहा है। शिविर में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंची बीपी स्किल डेवलपमेंट सेंटर की निदेशक और उद्यमी राजेश जैन की पत्नी समृद्धि जैन ने बच्चों के सर्वांगीण विकास पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में ज्ञान, कला, आत्मबल और संस्कार की समान रूप से आवश्यकता है।
सार्वदेशिक आर्य युवक परिषद के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सज्जन राठी ने कहा कि परिषद की ओर से आयोजित यह शिविर केवल आत्मरक्षा जैसे जूडो-कराटे, लाठी संचालन आदि का प्रशिक्षण ही नहीं देता, बल्कि महिलाओं को योग, ध्यान व यज्ञ-साधना जैसे साधनों से आत्मिक उन्नयन की दिशा में भी प्रेरित करता है। शिविर संयोजक प्रवेश आर्या ने बताया कि 11 जून को शाम 6 बजे शहर में यात्रा निकालकर लोगों को कन्या भ्रूण हत्या, नशाखोरी आदि बुराइयों के विरुद्ध जागरूक किया जाएगा।