रोहतक। बघेल मोहल्ले में घर के बाहर कचरा डालने का विरोध करने पर पड़ोसियों में झगड़ा हो गया। एक महिला को डंडे व लोहे की पाइप से पीटा गया। पीड़िता ने पड़ोसी के परिवार के पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। साथ ही जातिसूचक शब्द कहने का आरोप लगाया है।
बघेल मोहल्ले के सन्नी ने पुरानी सब्जी मंडी थाने में शिकायत देते हुए आरोप लगाया है कि पड़ोसी त्रिलोक उनके घर के पास आए दिन कूड़ा डाल देता है। वीरवार को उनकी मां बिमला देवी ने उसे कूड़ा डालने से मना किया तो उसने गाली देते हुए जातिसूचक शब्द कहे।
इसका उसने विरोध किया तो त्रिलोक के बेटे सोनू, मोनू, पत्नी व बेटी ने डंडे व लोहे के पाइप से मारा। उनकी चाची अनीता और चचेरे भाई सौरव बचाने के लिए आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।
पुरानी सब्जी मंडी थाना प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।