लॉकडाउन के दौरान 11 बोतल शराब के साथ एक बुजुर्ग महिला और हुक्का पीते चार युवक समेत 13 युवक नियमों का उल्लंघन करने पर गिरफ्तार किए गए हैं। इस दौरान 34 बोतल शराब भी बरामद हुई है। इसके अलावा मास्क न पहनने पर 313 लोगों के चालान किए गए हैं, जिनसे 1 लाख 56 हजार 500 रुपये जुर्माने के तौर पर वसूले गए हैं।
सिटी थाना पुलिस ने मुख्य सिपाही नवीन के नेतृत्व में पुराना बस स्टैंड की तरफ से आ रहे युवक को काबू किया गया। युवक की पहचान ललित निवासी जेपी कॉलोनी के रूप में हुई है। युवक के पास से शराब की 8 बोतलें बरामद हुई हैं। महम थाना पुलिस ने एएसआई कुलदीप के नेतृत्व में मेन बाजार के पास अशोक क्लॉथ हाउस के नाम से खुली दुकान से आनंद निवासी मदनहेड़ी जिला हिसार को गिरफ्तार किया है। महम थाना पुलिस ने एएसआई कुलदीप के नेतृत्व में गश्त के दौरान कटली बाजार में सैनी मिष्ठान के नाम से खुली दुकान से रणधीर निवासी इमलीगढ़ महम को गिरफ्तार किया गया है। पुरानी सब्जी मंडी थाना पुलिस ने मुख्य सिपाही अमित के नेतृत्व में राहड़ रोड पर एक खुली हेयर सैलून की दुकान से सुनील निवासी संजय नगर को गिरफ्तार किया है। पुरानी सब्जीमंडी थाना पुलिस ने पी/एसआई साक्षी के नेतृत्व में दयानंद मठ से राहड़ रोड पर खुली किराना की दुकान से सुभाष निवासी भगत सिंह कॉलोनी को गिरफ्तार किया है। पुरानी सब्जी मंडी थाना पुलिस ने मुख्य सिपाही नरेंद्र के नेतृत्व में दिव्य योग आश्रम गोहाना रोड के पास खड़े स्कूटी सवार सौरव निवासी कृष्णा कॉलोनी को काबू किया। तलाशी लेने पर स्कूटी की डिक्की से शराब के सात अध्धे बरामद हुए।
सिटी थाना पुलिस ने एसआई अश्वनी कुमार के नेतृत्व में गोहाना रोड के पास इकट्ठे चार युवकों को बगैर मास्क व हुक्का पीते हुए काबू किया गया। युवकों की पहचान मनोज निवासी पाना मिठ्याण गांव डीघल जिला झज्जर, प्रशांत निवासी राजेंद्र नगर, मोहन उर्फ मोनू निवासी राजेंद्र नगर व महेश निवासी सूर्य नगर के रूप में हुई। सिटी थाना पुलिस ने मुख्य सिपाही कुलदीप के नेतृत्व में महिला मुख्य सिपाही निर्मला द्वारा जींद बाईपास की तरफ से पैदल आ रही बुजुर्ग महिला को अवैध शराब सहित काबू किया गया। नियमानुसार तलाशी लेने पर महिला के पास से शराब की 11 बोतलें बरामद हुईं। सिटी थाना पुलिस ने मुख्य सिपाही सुरेंद्र के नेतृत्व में सूचना के आधार पर आईडीसी चौक हिसार बाईपास के पास अकेश ट्रक गैरिज के पास से अकेश निवासी गांव पचवा जिला फिरोजाबाद यूपी हाल आईडीसी चौक हिसार बाईपास को काबू किया गया। युवक के पास से शराब की 12 बोतलें बरामद हुईं। सांपला थाना पुलिस ने मुख्य सिपाही कर्मबीर के नेतृत्व में रोहतक दिल्ली रोड पर खुली हुई किराना की दुकान से जयबीर निवासी लाढ़ौत हाल निवासी सांपला को गिरफ्तार किया गया है।