रोहतक के गांव पाकस्मा में मर्डर के बाद जांच करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा में सांपला क्षेत्र के गांव पाकस्मा में एक व्यक्ति ने रात को अपनी पत्नी की सिर में रॉड मारकर हत्या कर दी। सुबह होते ही आरोपी सरपंच के पास गया और कहा कि मैंने अपनी बीवी को मार डाला है, पुलिस को बता दो। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर उसे रिमांड पर ले लिया है। अब उससे हत्या में प्रयुक्त रॉड बरामद की जाएगी।
पुलिस को दी गई शिकायत में समालखा निवासी विद्या देवी ने बताया कि उसने अपनी बेटी सीमा की शादी दस साल पहले पाकस्मा निवासी संदीप के साथ की थी। शादी के बाद से ही संदीप और उसके परिवार के लोग सीमा को परेशान करते थे। रविवार की सुबह उसे सूचना मिली कि उसकी बेटी बीमार है। वह तुरंत पाकस्मा आई। वहां पहुंची तो सीमा खून से लथपथ हालत में चारपाई पर मृत पड़ी थी। घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की जांच कराई। मामले की छानबीन के लिए एफएसएल टीम इंचार्ज डॉ. सरोज दहिया पहुंचीं। उन्होंने देखा कि महिला के सिर में गहरा घाव था। जांच में पता चला कि सीमा की मौत गहरी चोट लगने से हुई है। पुलिस ने मां के बयान पर पति संदीप, जेठ, जेठानी, सास, ससुर व ननद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। रिमांड पर लेकर हत्या में प्रयुक्त रॉड बरामद की जाएगी।
रात में पति-पत्नी में झगड़ा भी हुआ था
पुलिस के अनुसार शनिवार की रात पत्नी की हत्या के बाद संदीप सुबह 6 बजे सरपंच मुकेश के पास पहुंचा। वहां उसने अपनी पत्नी की मौत के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने आरोपी संदीप को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि उसका उसकी पत्नी में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, इसी वजह से उसने तैश में आकर उस पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक गांव वालों का भी कहना है कि अक्सर पति-पत्नी में छोटी-छोटी बात पर झगड़ा होता रहता था।
तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया
संदीप और सीमा के 3 बच्चे हैं। संदीप गांव में ही परचून की दुकान चलाकर परिवार पालता है। बच्चे सुबह उठे तो अपनी मां को मृत अवस्था में पड़ा देखकर जोर-जोर से चिल्लाने लगे। बच्चों का शोर सुनकर उसके दादा दादी के अलावा आसपास के लोग भी इकट्ठे हो गए।
पाकस्मा गांव में पारिवारिक कलह के कारण पति ने पत्नी के सिर में रॉड मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पति समेत छह परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ की जाएगी। -नरेंद्र कादियान, डीएसपी, सांपला।