रोहतक। आईएमटी (औद्योगिक मॉडल टाउनशिप) में मारुति प्लांट के नजदीक पुल के पास बाइक सवार तीन लुटेरों ने ड्यूटी पर जा रहे शुगर मिल कर्मी जोगेंद्र के पेट में चाकू से तीन वार कर दिए। कसूर सिर्फ इतना था कि उसकी जेब में सिर्फ 100 रुपये और मोबाइल फोन था। इतने कम पैसे मिलने पर लुटेरे नाराज हो गए और बोले-इतने कम पैसे लेकर क्यों चलता है। जोगेंद्र का लिवर और छोटी आंत कट गई, उसे गंभीर हालत में पीजीआई में दाखिल कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, बलियाणा निवासी जोगेंद्र ने बताया कि वह भाली आनंदपुर शुगर मिल में 30 साल से मशीन ऑपरेटर हैं। बुधवार रात करीब 8:50 बजे बाइक पर आईएमटी के रास्ते ड्यूटी पर जा रहे थे। जब मारुति प्लांट से आगे पहुंचे तो एक बाइक पर पीछे से तीन युवक आए। युवकों ने उसकी बाइक में टक्कर मारी, जिससे वह गिर गया।
इसके बाद आरोपी लुटेरे बोले- जितने भी पैसे हैं दे दो। जोगेंद्र ने कहा कि उसके पर्स में मात्र 100 रुपये और मोबाइल फोन है, यह ले लो। लुटेरों ने कहा, इतने कम पैसे हैं और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद एक-एक कर चाकू से तीन वार कर दिए। आरोपी केवल पर्स लेकर भाग गए। फोन और उसकी बाइक को वहीं छोड़ दिया।
परिजनों ने बताया कि पेट में चाकू लगने से जोगेंद्र की हालत गंभीर है। लिवर और छोटी आंत कटने से उनकी हालत अभी खतरे से बाहर नहीं है।