शहर के तंग बाजारों में मिठाई व किरयाणा की दुकानों को लेफ्ट व राइट सिस्टम से छूट है या नहीं। इसको लेकर शनिवार को असमंजस का माहौल बना रहा। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने जहां दुर्गा भवन के पास हलवाइयों को दुकानें बंद करने की हिदायत दी, जबकि मिठाई विक्रेताओं ने कहा कि तीज के त्योहार पर अगर वे एक दिन छोड़कर एक दिन दुकान खोलेेंगे तो मिठाइयां खराब हो जाएगी। असमंजस के माहौल के बीच शनिवार को बड़ा बाजार, बाबरा मोहल्ला व दुर्गा भवन के नजदीक दोनों तरफ की दुकानें खुली रही। अब डीसी ने मेयर से कहा है कि सोमवार को नए ऑर्डर जारी करेंगे।
शनिवार को सुबह करीब 10 बजे ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने अपने एरिया में निरीक्षण किया। साथ में निगम की टीम एलओ सुरेंद्र गोयल के नेतृत्व में बाजारों में घूम रही थी। ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं महम के तहसीलदार गुलाब सिंह ने दुकानदारों से कहा कि उनके पास तंग बाजारों में मिठाई की दुकानें खोलने का कोई ऑर्डर नहीं है। दुकानें बंद कर दें। व्यापारी नेता राजू भुुटानी व गुलशन निझावन ने बताया कि मिठाई विक्रेताओं के उनके पास फोन आए। एलओ सुरेंद्र गोयल से बात की। तय हुआ कि मामले को लेकर पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, मेयर मनमोहन गोयल, डीसी आरएस वर्मा व निगम आयुक्त प्रदीप गोदारा से मिला जाए। बड़ा बाजार, बाबरा मोहल्ला व दुर्गा भवन के नजदीक के मिठाई विक्रेता पहले मेयर मनमोहन गोयल से मिले। मेयर को बताया कि जुलाई माह में ही तीन का त्योहार है। अगर वे एक दिन छोड़कर एक दिन मिठाई बनाएंगे तो उनकी मिठाई खराब हो जाएगी। ऐसे में उनको हर रोज दुकान खोलने की अनुमति दी जाए। मेयर ने डीसी से बात की। डीसी ने कहा कि सोमवार को नए ऑर्डर जारी किए जाएंगे। इसके बाद मिठाई विक्रेता पूर्व मंत्री ग्रोवर से मिलने गए, लेकिन पता चला कि ग्रोवर दिल्ली गए हुए हैं। जबकि निगम आयुक्त ने साफ कहा कि, इस संबंध में वे कोई जवाब नहीं दे सके। महामारी एक्ट के तहत डीसी की फाइनल अथॉरिटी हैं।
मिठाई विक्रेता मिलने आए थे। उनकी मांग है कि सप्ताह में हर दिन दुकान खोलने की अनुमति दी जाए। डीसी से बात की तो उन्होंने कहा कि सोमवार को नए सिरे से ऑर्डर जारी करेंगे। हालांकि मैं सुझाव देता हूं कि सप्ताह में पहले तीन दिन दोनों तरफ के बाजार खोले जाएं। अगले चार दिन लेफ्ट व राइट सिस्टम लागू किया जाए। इससे व्यापारियों को भी नुकसान नहीं होगा और कोरोना की चेन भी टूट जाएगी।
मनमोहन गोयल, मेयर नगर निगम
कहीं न कहीं प्रशासन के अधिकारियों के बीच तालमेल की कमी है। मिठाई विक्रेताओं की समस्या का जल्द समाधान निकलवाएंगे। डीसी से अभी बात नहीं हो सकी है।
गुलशन निझावन, महासचिव रोहतक व्यापार मंडल
मिठाई विक्रेताओं के लिए पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर से बात की है। पूर्व मंत्री ने डीसी से बात की है। उम्मीद है मिठाई की दुकानें खुली रहेंगी। हालांकि प्रशासन को अधिकारियों के बीच तालमेल मजबूत करना चाहिए।
राजू भुटानी, व्यापारी नेता झज्जर रोड, घनीपुरा