रोहतक। जिले में आठ जगह गेहूं की खरीद होगी। रोहतक, महम, कलानौर व सांपला के अलावा काहनौर, किलोई, लाखनमाजरा, मदीना, सांघी और हसनगढ़ में भी गेहूं खरीद केंद्र बनाने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार को फरीदाबाद मंडल आयुक्त और जिले के प्रशासनिक सचिव संजय जून ने अधिकारियों संग बैठक करने के साथ ही रोहतक और सांपला मंडी का अचानक दौरा भी किया।
जून ने कहा कि गेट पास के अनुसार ही फसलों की खरीद की जाए। सरसों व गेंहू के बैग भरते समय यह सुनिश्चित किया जाए कि निर्धारित मात्रा ही बैग में डाली जाये। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल बिक्री के लिए फसल का मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि सहायता केंद्र पर प्राप्त किसानों की शिकायतों का अधिकारी यथाशीघ्र निपटारा करें। उन्होंने अधिकारियों की बैठक के उपरांत उपायुक्त अजय कुमार, उपमंडलाधीश आशीष कुमार तथा खरीद एजेंसियों व मार्केट कमेटी के अधिकारियों के साथ रोहतक अनाज मंडी का निरीक्षण किया। मंडी में बिक्री के लिए पहुंची सरसों की नमी की जांच के लिए नमी मापक यंत्र मंगवाकर सरसों की नमी की जांच की। सरकार की हिदायतों के अनुसार सरसों में नमी की निर्धारित मात्रा 8 प्रतिशत तथा गेहूं में 12 प्रतिशत होनी चाहिए। जांच की तो सरसों में 9.2 प्रतिशत की नमी मिली, इसे सुखाने के लिए रखा गया था। इसके बाद आयुक्त ने सांपला स्थित अनाज मंडी का जायजा लिया। उन्होंने मंडी परिसर में रखें सरसों से भरे बैग का मौके पर वजन करवाया।
इस मौके पर एडीसी वैशाली सिंह, एसडीएम आशीष कुमार, सांपला एसडीएम सुभाष चंद्र जून, नगराधीश अंकित कुमार, डीएफएससी वरिंद्र सिंह, हैफेड के जिला प्रबंधक अनूप नैन, हरियाणा वेयर हाउसिंग के जिला प्रबंधक रोहताश दहिया, रोहतक मार्केट कमेटी के सचिव देवेंद्र ढुल, सांपला मार्केट कमेटी के सचिव दीप कुमार सहित रोहतक व सांपला मंडियों के आढ़ती एसोसिएशन के पदाधिकारी व किसान भी मौजूद रहे।
....
सरसों की कहां कितनी खरीद हुई
मंडी खरीद (मीट्रिक टन में)
कलानौर 792.29
रोहतक 237.20
सांपला 2493.67