लाहली स्थित चौ. बंसीलाल क्रिकेट स्टेडियम में रणजी ट्राफी मैच को लेकर आज
तक ऐसी उत्सुकता पहले नहीं देखी गई थी, जो सचिन तेंदुलकर के इस मैदान पर
रणजी मैच खेलने की सूचना आने के बाद पैदा हुई है।
सचिन के स्वागत
के लिए स्थानीय प्रशासन के सहयोग से बीसीसीआई तैयारियों में जुट गया है। 27
अक्तूबर को सचिन मेजबान हरियाणा के खिलाफ रणजी मैच में उतरेंगे। खास बात
यह भी है कि क्रिकेट की अलविदा कहने की घोषणा कर चुके सचिन के लिए इस
स्टेडियम पर उनका पहला और आखिरी मैच होगा।
इसी वजह से प्रदेश के
हजारों प्रशंसक सचिन के विदाई भरे पलों के साक्षी बनने को उत्सुक हैं।
लेकिन इस स्टेडियम में आठ हजार लोगों के बैठने की ही क्षमता है और दर्शकों
के उत्साह को देखते हुए आयोजकों ने आठ हजार पास बांटने का फैसला किया है।
पास के जरिए ही स्टेडियम में एंट्री होगी। करीबी ग्रामीणों को प्राथमिकता
के आधार पर पास दिए जाएंगे।
तैयारियों का जायजा लेने बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष पहुंचे
वीरवार
को बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने लाहली पहुंचकर स्टेडियम का
दौरा किया और तैयारियों के बारे में आयोजकों से चर्चा की। हरियाणा क्रिकेट
एसोसिएशन के पदाधिकारी इन दिनों लाहली स्टेडियम में ही डेरा डाले हुए हैं।
स्टेडियम को चमकाने का काम शुरू हो चुका है। खिलाड़ियों के ठहरने व भोजन की
व्यवस्था को लेकर 21 अक्तूबर को बैठक होगी।
पुलिस और निजी एजेंसी को सुरक्षा का जिम्मा
लाहली
स्टेडियम में 27 अक्तूबर को रणजी मैच में सुरक्षा का बंदोबस्त जिला पुलिस
के निजी सुरक्षा एजेंसी भी संभालेगी। स्टेडियम में प्रवेश के लिए चार द्वार
होंगे। अनिरुद्ध चौधरी ने बताया कि जिला प्रशासन को इस बारे में अवगत करा
दिया गया है और सांसद दीपेंद्र हुड्डा से भी इस बारे में बातचीत हुई है।
सुरक्षा का जो खाका तैयार किया गया है उसके अनुसार चार घेरे के अंदर
सुरक्षा होगी।
गांगुली, सहवाग, कोहली भी खेल चुके हैं इस स्टेडियम में
गांव
लाहली के इस स्टेडियम का उद्घाटन 2006 में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह
हुड्डा ने किया था। करीब दस करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस स्टेडियम के
मैदान पर सौरव गांगुली, वीरेंद्र सहवाग, विराट कोहली, अजीत अगरकर, अजय
जडेजा, अमित मिश्रा और जोगेंद्र शर्मा सहित दिग्गज क्रिकेटर मैच खेल चुके
हैं। अब तक स्टेडियम में 35 से अधिक रणजी ट्राफी के मैच खेले जा चुके हैं।