संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। बढ़ती ठिठुरन से आमजन पूरी तरह से प्रभावित है। आमजन घर से बाहर बिल्कुल दुबककर निकल रहे हैं। नव वर्ष के पहले दिन हुई हल्की बूंदाबांदी से शहर की हवा भी सुधर गई है। शुक्रवार को शहर का एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक) 115 के साथ मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया है। यह हवा लोगों के स्वास्थ्य के लिए कम असरदार है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री व न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह के समय छाने वाले कोहरे ने यातायात को भी प्रभावित किया है। रोहतक से दिल्ली की ओर से जाने वाली अवध-असम एक्सप्रेस शुक्रवार को 52 मिनट लेट रही।
बीकानेर-दिल्ली सराय रोहिला सुपरफास्ट एक्सप्रेस 37 मिनट, जींद-नई दिल्ली मेमू 29 मिनट, जाखल-दिल्ली पैसेंजर 37 मिनट, कुरुक्षेत्र-दिल्ली एक्सप्रेस 47 मिनट, पातालकोट एक्सप्रेस 23 मिनट, नवयुग एक्सप्रेस 24 मिनट, इंटरसिटी 29 मिनट व फरक्का 30 मिनट से अधिक लेट रहीं।
दिल्ली की ओर से आने वाली पातालकोट एक्सप्रेस 5:25 घंटे, गोरखधाम 50 मिनट, फिरोजपुर इंटरसिटी 17 मिनट, नई दिल्ली-जींद जंक्शन मेमू 1:15 घंटे, नांदेड़-श्रीनगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 4:09 घंटे लेट रहीं।
नई दिल्ली-रोहतक एक्सप्रेस 1:03 घंटे, दिल्ली-श्री गंगानगर एक्सप्रेस 27 मिनट, किसान एक्सप्रेस 57 मिनट, दिल्ली जाखल पैसेंजर 3 घंटे से अधिक व अवध-असम एक्सप्रेस 2 घंटे से अधिक देरी से स्टेशन पर पहुंचीं। मौसम विभाग के अनुसार, पांच जनवरी तक कोहरे के साथ अधिक ठंड पड़ने के आसार हैं।
पांच जनवरी तक घना कोहरा छाया रहने के आसार हैं। इन दिनों मौसम शुष्क रहेगा। फसलों पर हाल के मौसम का नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा।
- डॉ. मोहम्मद एहतशाम, एसएमएस, कृषि विज्ञान केंद्र, रोहतक