दंगे ने शहर की चमक को खाक कर दिया है। अब यहां दंगा पीड़ितों को सांत्वना देने आने वालों में होड़ मच गई है। सीएम से लेकर पूर्व सीएम और मंत्रियों के बाद शनिवार को आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर पीड़ितों के बीच पहुंचे। लेकिन श्री श्री को पीड़ितों के तगड़े विरोध का सामना करना पड़ा। सुखपुरा चौक पर पहुंचे श्री श्री को व्यापारियों ने घेर लिया और उनकी बात को नहीं सुनने दिया गया।
35 बिरादरी के बैनर तले धरने पर बैठे पीड़ित व्यापारियों को के सामने श्री श्री ने 36 बिरादरी को एक करने की बात कही। इस पर पीड़ित भड़क गए और कहा कि जिन लोगों ने हमारी दुकानें तबाह कर दीं, घर तक जला दिए हैं, उन्हें हम कैसे बिरादरी में शामिल करें। अब हरियाणा में कभी भी 36 बिरादरी का नाम नहीं लिया जाएगा। वहीं, कुछ युवा व्यापारियों ने कहा कि हम सदमे में है और यहां सांत्वना देने के नाम पर राजनीति की जा रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इससे पहले, शनिवार दोपहर करीब 12:36 बजे श्री श्री रविशंकर सुखपुरा चौक पर जारी 35 बिरादरी के धरने पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित व्यापारियों से कहा कि हरियाणा में जान-माल की जो हानि हुई है, उसका उन्हें बहुत दुख है। इस हिंसा में उपद्रवियों ने जितना भी नुकसान किया है, उसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती है। लेकिन हर बिरादरी में अच्छे और बुरे लोग होते हैं।
हमें बुरे लोगों को अलग कर भाईचारे को कायम करना है। सभी 36 बिरादरी के अच्छे लोगों को साथ में लेकर ही आप अपने नुकसान की भरपाई कर सकते हो। इसके लिए सामाजिक संस्थाओं को भी आगे आना होगा। इस दौरान कुछ पीड़ित व्यापारी बिफर गए और श्री श्री के सामने अपनी बात रखने की होड़ मच गई। कुछ व्यापारी अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन श्री श्री को बोलने दिया गया।
जब मामला तूल पकड़ने लगा तो वे विनति करते-करते अपनी गाड़ी में बैठकर आगे बढ़ गए। इससे पहले, उन्होंने दिल्ली रोड, पावर हाउस, मेडिकल मोड, डी पार्क और माडल टाउन में जली दुकानों का जायजा लिया।
35 बिरादरी ने रखी मांगें35 बिरादरी ने शांति का संदेश देने आए श्री श्री के समक्ष अपनी मांगें रखीं और उन्हें प्रदेश व केंद्र सरकार के समक्ष रखने को कहा। व्यापारी हवा सिंह सैनी ने कहा कि उपद्रवियों ने जो नुकसान पहुंचाया है, उसकी जल्द भरपाई की जाए। इस पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराई जाए। दोषी लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जिन पुलिस कर्मियों ने लापरवाही बरती है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
स्कॉलर रोजरी पहुंच हवन में डाली आहुति दोपहर 12:20 बजे, श्री श्री रविशंकर सोनीपत रोड स्थित स्कॉलर रोजरी स्कूल की जूनियर विंग में पहुंचे। उन्होंने स्कूल परिसर में शांति के लिए चल रहे हवन में आहुति भी डाली। स्कूल के डायरेक्टर डॉ. रवि गुगनानी और प्राचार्या प्रीति गुगनानी से बातचीत की। हवन के दौरान श्री श्री ने बच्चों से कहा कि जो हुआ, वह अच्छा नहीं था। लेकिन विद्यार्थियों को अपनी परीक्षा पर ध्यान देना चाहिए।