रोहतक। उपायुक्त अजय कुमार ने रविवार को जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ शहर के चारों जलघरों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि तीन जलघरों के सभी टैंक जल से भरे हुए हैं और जलघर संख्या एक के टैंक में भी 14 फीट तक पानी भरा है। विभाग के पास शहरवासियों को जलापूर्ति के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध है। जलघर संख्या एक से जलापूर्ति के समय को बढ़ाकर एक घंटा 10 मिनट कर दिया गया है और 2 अन्य जलघरों से लोगों को सुबह-शाम जलापूर्ति की जा रही है।
अजय कुमार ने जनस्वास्थ्य विभाग के जलघरों में जल की स्थिति का आंकलन करने के लिए चारों जलघरों का विभाग के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से पर्याप्त मात्रा में जल का भंडारण किया गया है। विभाग के तीन जलघरों के सभी टैंक भर दिए गए हैं और जलघर संख्या एक के टैंक में भी 14 फीट तक पानी भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि भालाैठ सब ब्रांच में पानी रुकने के बाद चैनल में आ रहे जल को भी जल घरों तक पहुंचाने के लिए प्रबंध किए गए हैं। आगामी 25 जून को जेएलएन नहर में पानी छोड़ा जाएगा। नहर से वाटर टैंकों तक पानी लाने के सभी प्रबंध किए गए हैं। नहर पर 2 पंप सेट और 2 पंप सेट कैच पीट में लगाए गए हैं। उपायुक्त ने जलघरों के अलावा अप्पू घर का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को अप्पू घर के टैंक की साफ-सफाई करने के निर्देश दिए।