माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। पांच साल शहर की सफाई गाजियाबाद की निजी कंपनी करेगी। इसके लिए 87 करोड़ में घरों से कचरा लेने से लेकर उठाने तक का ठेका दिया गया है। साथ ही, मेरठ की कंपनी 26 करोड़ में भिवानी रोड स्थित कचरा निस्तारण प्लांट चलाएगी। स्थानीय कंपनी को डेयरी शिफ्टिंग का 17 करोड़ का ठेका दिया गया है, जो डेयरी कॉम्प्लेक्स में सड़क, सीवर व पेयजल लाइन दबाएगी।
मंगलवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी ने तीनों टेंडर को मेयर व आयुक्त के साथ बैठक में हरी झंडी दे दी। जल्द निगम की तरफ से वर्क ऑर्डर जारी किए जाएंगे। अक्तूबर से कंपनियां काम शुरू करेंगी।
शहर से रोज 150 मीट्रिक टन से ज्यादा कचरा निकलता है। पांच साल रोहतक की एजेंसी को घरों से कचरा उठान व प्लांट संचालन का कार्य दिया गया था। अबकी बार भी कंपनी टेंडर हासिल करने की दौड़ में थी। हालांकि अबकी बार पांच साल कचरा उठान से लेकर घरों से कचरा एकत्रित करने का ठेका गाजियाबाद की कंपनी को दिया गया।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 130 करोड़ के कार्यों को हरी झंडी दे दी है। इसमें पांच साल के सफाई के टेंडर के अलावा डेयरी शिफ्टिंग का कार्य भी शामिल है।
- डाॅ. आनंद शर्मा, आयुक्त नगर निगम