हरियाणा पुलिस के 6600 पदों का परिणाम नहीं घोषित होने पर शनिवार को सैकड़ों महिला-पुरुष अभ्यर्थियों ने चेतावनी रैली निकाली। आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद के नेतृत्व में अभ्यर्थी नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यालय पहुंचे और डिग्रियों की छाया प्रतियां जलाईं। उन्होंने एलान किया कि 11 मई तक परिणाम नहीं घोषित किया तो आरपार की लड़ाई होगी।
शनिवार सुबह 10 बजे से मानसरोवर पार्क में पुलिस भर्ती के अभ्यर्थी जुटने शुरू हो गए। करीब 12 बजे तक सैकड़ों महिला-पुरुष अभ्यर्थी प्रदेश सरकार विरोधी नारे लिखीं तख्तियां लेकर प्रदर्शन के लिए तैयार हो गए। वहां से नवीन जयहिंद के नेतृत्व में बेरोजगारों ने सरकार के खिलाफ चेतावनी रैली निकाली। चिलचिलाती धूप में प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सभी भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचे। वहां पर पहले से ही पुलिस ने बैरियर लगाया हुआ था। भाजपा कार्यालय पहुंचकर नवीन जयहिंद ने सरकार को सोटा दिखाते हुए कहा कि यह सिर्फ एक ट्रेलर है। अगर सरकार ने 11 मई तक रुकी हुई भर्ती को पूरा नहीं किया तो सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 25 हजार पुलिसकर्मियों की जगह खाली है, जिसकी वजह से प्रशासन अपराध कम करने में नाकाम है। पुलिस के पास पूरा स्टाफ नहीं है। हरियाणा पुलिस के 40 हजार उम्मीदवार परिणाम के इंतजार में हैं। सरकार को हर भर्ती का कैलेंडर जारी करना चाहिए, जो नहीं किया जा रहा। जयहिंद ने एलान किया कि सरकार 11 मई तक परिणाम जारी करे अन्यथा बड़ा आंदोलन करेंगे।
आत्महत्या नहीं करें, बल्कि सरकार को सड़क पर घेरें
नवीन जयहिंद ने कहा बेरोजगार सरकार से बगावत करने के लिए तैयार हैं। बेरोजगारी की वजह से युवा अपराध व नशे की तरफ बढ़ रहे हैं। आत्महत्या भी कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से कहा आत्महत्या नहीं करनी है, बल्कि सड़क पर उतरकर सरकार को घेरना है।
ये है पुलिस भर्ती का मामला
सरकार ने 5500 पुरुष और 1100 महिला पुलिस कर्मियों की भर्ती के लिए 2019, अप्रैल 2020 और जनवरी 2021 में विज्ञापन निकाला था। 7-8 अगस्त 2021 को होने वाली परीक्षा का पेपर लीक हो गया। इसके बाद परीक्षा हुई, जिसमें 3.60 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में बैठे। इनमें से 40 हजार अभ्यर्थी पास हुए। इसके बाद दिसंबर में पीएसटी (दौड़ परीक्षा) और 20 जनवरी 2022 को पीएमटी (नाप-जोख) की जांच हुई। तब से परीक्षा का परिणाम घोषित नहीं किया गया है।
लाठी-डंडे देख बिफरे युवाओं ने रैली में जाने से किया इनकार
मानसरोवर पार्क में लाठी-डंडे व जेली लेकर पहुंचे लोगों ने जैसे ही आप के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद के साथ प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तो काफी संख्या में युवा नाराज हो गए। वे पार्क में एकतरफ जाकर खड़े हो गए। यह देखकर नवीन जयहिंद उनको मनाने गए तो उन्होंने कहा कि कुछ लोग लाठी-डंडे और जेली लेकर आए हैं, इसलिए वह रैली में शामिल नहीं होंगे। महिलाओं ने कहा कि हम राजनीति नहीं करना चाहते हैं। लोग खट्टर मुर्दाबाद के नारे लगा रहे हैं, जो राजनीति नहीं तो क्या है। हम अपनी मांग को लेकर शांतिपूर्वक विरोध करना चाहते हैं। तर्क दिया कि यदि रैली के दौरान कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी हम आएगी। इसलिए वे रैली में शामिल नहीं होना चाहते। उनकी बात सुनने के बाद जयहिंद ने आश्वासन दिया कि वह सिर्फ झंडा और तख्तियां लेकर चलें। रास्ते में किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी। इसके बाद युवक-युवतियां रैली में शामिल हुए।
पुलिस भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित करने की मांग को लेकर अभ्यार्थीयों के साथ भाजपा कार्यालय पर प?- फोटो : RohtakCity
पुलिस भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित करने की मांग को लेकर भाजपा कार्यालय पर पुलिस अधिकारियों से ब?- फोटो : RohtakCity
पुलिस भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित करने की मांग को लेकर अभ्यार्थीयों के साथ नवीन जय हिंद मानसरो?- फोटो : RohtakCity