रोहतक। त्योहारी सीजन में बढ़ी वेटिंग अब घटने लगी है। रोहतक से आवागमन करने कई ट्रेनें में त्योहार से पहले रीग्रेट दिखाई दे रहा था मगर अब गोरखधाम और फरक्का एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में सीट उपलब्ध है। इनमें कोई भी वेटिंग नहीं चल रही है। रोहतक स्टेशन पर आमदनी भी सामान्य दिनों की तरह हो गई है।
रोहतक स्टेशन पर त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की संख्या करीब 10 हजार तक पहुंच गई थी जो सामान्य दिनों की अपेक्षा करीब तीन गुना तक थी। अब स्टेशन पर सामान्य दिनों की तरह ढाई से तीन हजार यात्री सफर कर रहे हैं।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सामान्य दिनों में करीब 4 लाख रुपये होने वाली रोजाना की आमदनी त्योहार पर करीब साढ़े पांच लाख रुपये तक हो गई थी। वह भी अब सामान्य हो गई है। लखनऊ, पटना आदि स्टेशन पर जाने वाली फरक्का साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन व लखनऊ गोरखपुर की ओर जाने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस में कोई वेटिंग नहीं है। इन दोनों ट्रेनों में सीटें उपलब्ध हैं।
वहीं, रोहतक से पातालकोट एक्सप्रेस में वेटिंग 29, पंजाब मेल में 30, अंडमान एक्सप्रेस में 20 से 30, हिमसागर में 15 चल रही है, जो नवंबर के दूसरे सप्ताह की है। हालांकि, आगरा, नागपुर, विजयवाड़ा व तिरुनेलवेली की ओर जाने वाली नवयुग एक्सप्रेस साप्ताहिक ट्रेन में लंबी वेटिंग दिसंबर तक चल रही है। स्टेशन पर भी स्थिति सामान्य होने लगी है।
छठ पर्व शुरू होने से यात्रियों की संख्या पहले से कम हो गई है। त्योहार पर यात्रियाें की भीड़ तीन गुना बढ़ गई थी जो सामान्य हो गई है। सभी ट्रेनें यात्रियों की लिए सामान्य दिनों तरह सुविधाजनक तरीके से चल रही है। - बलराम मीना, स्टेशन अधीक्षक।