रोहतक। प्रदेश की सबसे हॉट सीट रोहतक में शनिवार को शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न हुआ। शनिवार सुबह महम हलके की सुस्त शुरुआत हुई, लेकिन पारा चढ़ने के साथ-साथ दिन में गढ़ी सांपला-किलोई हलके को मतदान में कड़ी टक्कर दी। शाम 7 बजे दोनों हलकों में बराबर-बराबर 67.9 प्रतिशत तक मतदान हुआ।
रोहतक शहर में मतदाता भीषण गर्मी के बीच सुबह व दोपहर में घर से बाहर नहीं निकले। शाम को ही मतदान ने गति पकड़ी। सुबह 7 बजे जिले के चारों हलकों गढ़ी सांपला, महम, कलानौर व रोहतक शहर में मतदान शुरू हुआ। सुबह 9:30 बजे चुनाव आयोग की तरफ से डाटा जारी किया गया, जिसमें कलानौर हलके में सबसे ज्यादा 13 प्रतिशत व गढ़ी सांपला-किलोई हलके में 12 प्रतिशत मतदान हुआ। महम में सबसे कम 4.70 व रोहतक शहर में 9.50 प्रतिशत वोट डाले गए। इसके बाद 12 बजे गढ़ी सांपला-किलोई हलके में 32 प्रतिशत, कलानौर में 28 प्रतिशत, महम में 26 प्रतिशत, बादली 25, बेरी 25, झज्जर 23.50, कोसली 18, रोहतक शहर 15 व बहादुरगढ़ में 9.50 प्रतिशत वोट डाले गए। दोपहर बाद मतदान ने गति पकड़ी और तीन बजे तक 49.8 प्रतिशत तक पहुंच गया। इसमें बादली, बेरी, गढ़ी सांपला-किलोई व कलानौर में 50-50 प्रतिशत, जबकि महम में 52, कोसली में 51, झज्जर में 46, बहादुरगढ़ में 47 व रोहतक शहर में 42.02 प्रतिशत मतदान हुआ।
शाम को तेजी से बढ़ा मतदान, सात बजे तक 60 प्रतिशत से ऊपर पहुंचा
मतदान करने का समय शाम 6 बजे तय था। मतदाता भीषण गर्मी से बचने के लिए शाम को 4 बजे के बाद घरों से बाहर निकले। शाम 5 बजे तक लोकसभा क्षेत्र में 56 प्रतिशत तक मतदान हुआ। इसमें महम हलके में सबसे ज्यादा 60.6, गढ़ी सांपला में 57.8, कलानौर में 54 व रोहतक शहर में 53.1 प्रतिशत वोट डाले गए, जबकि 6 बजे तक मतदान पूरे लोकसभा क्षेत्र का 61.3 प्रतिशत पर पहुंच गया। इसमें इसमें गढ़ी सांपला हलके में सबसे ज्यादा 64 प्रतिशत, महम में 63.4, कलानौर में 60.3 व रोहतक शहर में 57.6 प्रतिशत मतदान हुआ है। शाम 7 बजे तक 64.9 प्रतिशत मतदान हुआ।
शाम 6 बजे के बाद भी लाइन में लगे रहे मतदाता, 7 बजे आंकड़ा पहुंचा 64.9 प्रतिशत तक
गर्मी के चलते मतदान शाम 6 के बाद भी चलता रहा, क्योंकि कई जगह लोग 6 बजे से पहले लाइन में लग गए थे। इसका असर यह हुआ कि 7 बजे तक मतदान का आंकड़ा बढ़कर 64.9 प्रतिशत पहुंच गया। इसमें गढ़ी सांपला व महम में बराबर-बराबर 67.9, कलानौर में 63.2 व रोहतक शहर में सबसे कम 60.4 प्रतिशत मतदान हुआ। हालांकि मतदान प्रतिशत का आंकड़ा एक या दो प्रतिशत और बढ़ सकता है।