रोहतक। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से अब मतदाताओं को मतदाता सूची में अपडेट होने के 15 दिन में फोटो युक्त मतदाता पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। मतदाताओं को फोटो युक्त मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) की तेजी से सौंपना सुनिश्चित करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) शुरू की है। यह मतदाता सूची में पहचान पत्र की डिलीवरी को सक्षम बनाती है। इसमें मतदाता का नया नामांकन या किसी मौजूदा मतदाता के किसी भी विवरण में बदलाव शामिल है।
उपायुक्त और जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि नई प्रणाली निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) की ओर से ईपीआईसी जनरेशन से लेकर डाक विभाग (डीओपी) के माध्यम से मतदाता को ईपीआईसी की डिलीवरी तक प्रत्येक चरण की वास्तविक स्थिति के बारे में समय पर ट्रैकिंग सुनिश्चित करेगी।
मतदाताओं को प्रत्येक चरण पर एसएमएस के माध्यम से सूचनाएं भी प्राप्त होंगी। इससे उन्हें उनके ईपीआईसी की स्थिति के बारे में जानकारी मिलती रहेगी। इस उद्देश्य के लिए ईसीआई ने अपने हाल ही में लॉन्च किए ईसीआईनेट प्लेटफॉर्म पर आईटी मॉड्यूल पेश किया है।
नया आईटी प्लेटफॉर्म मौजूदा सिस्टम को फिर से तैयार कर व वर्कफ्लो सुव्यवस्थित बनाकर मौजूदा प्रक्रिया को बदल देगा। निर्बाध वितरण के लिए डीओपी के एप्लिकेशन प्रोग्राम इंटरफेस (एपीआई) को ईसीआईनेट के साथ एकीकृत किया जाएगा। इसका उद्देश्य डेटा सुरक्षा रखते हुए सेवा वितरण बढ़ाना है।