रोहतक। जिले में रविवार को हरियाणा वक्फ लैंड होल्डर्स एसोसिएशन की प्रदेश स्तरीय बैठक हुई। इस दौरान प्रदेश में उन 40 हजार से अधिक संपत्तियों पर मालिकाना हक दिए जाने की आवाज उठाई है, जिस पर दुकानदार व अन्यजन वर्षों से रह हे हैं या दुकान के रूप में रोजगार कर रहे हैं।
प्रताप मोहल्ला में हुई बैठक में एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम गोयल ने शिरकत की। यह बैठक दो घंटे तक चली। जिसमें प्रदेश के तमाम जिलों से 40 से अधिक दुकानदार व अन्य लोग शामिल हुए। सभी ने कहा कि इस जमीन को वक्फ बोर्ड कब्जाना चाहता है। उन्होंने मांग की है कि 15 सितंबर को हुए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद सरकार हमारे हक में जल्द फैसला करे।
वहीं, इस एसोसिएशन के सदस्य गुलशन निझावन ने कहा कि रोहतक में 400 से अधिक ऐसी संपत्तियां हैं, जिनको वक्फ बोर्ड अपनी बताता है, जबकि उस पर वर्षों से किरायेदार के रूप में दुकानदार व आम लोग बैठे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह कस्टोडियन की जमीन है जो सरकार की है। वक्फ बोर्ड इस पर अपना दावा कर रहा है।
उन्होंने बताया कि भारत-पाकिस्तान बंटवारे के समय अनेक लोग भारत से पाकिस्तान चले गए थे और अपनी संपत्तियां यहीं छोड़ गए थे। जिसमें से काफी संपत्ति पर रोहतक सहित हरियाणा में अनेक स्थानों पर वर्षों से दुकानदार भी बैठे हैं। जिसे वक्फ बोर्ड अपनी संपत्ति मान रहा है।
बैठक में उनके अलावा सुंदर श्याम नागपाल, सोम मलिक, मदनलाल गुलाटी, संत कुमार सहगल, केएल बजाज, किशन लाल, दिनेश नरूला आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा पलवल से पवन, पानीपत से सोनू, जय सिंह, जयंत कुमार, रोहतक से गुलशन,हितेश बागड़ी, सोमनाथ, गुलशन शर्मा , देवव्रत छाबड़ा, हिमांशु और सुरेश, दीपिका, नीतू आदि मौजूद रहे।
संवाद