फलस्तीन के समर्थन को लेकर मौके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
एमडीयू के दिशा छात्र संगठन के सदस्यों ने रविवार शाम को मानसरोवर पार्क में बैठक की। उन्होंने अपनी मांगों को लेकर प्रशासन तक बात पहुंचाने पर चर्चा की। वहां पहुंचे विश्व हिंदू परिषद और एबीवीपी के सदस्यों ने उन पर फलस्तीन के समर्थन में नारेबाजी करने व अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। परिषद ने इस राष्ट्र विरोधी कार्य को जनता में भ्रम की स्थिति पैदा करने वाला कदम बताया।
पुलिस ने हिरासत में लिए छह छात्र
यहां पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। इसके बाद दो युवतियों समेत छह छात्रों को हिरासत में लिया गया। उन्हें शाम को छोड़ दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रविवार शाम पांच बजे मानसरोवर पार्क में फलस्तीन समर्थकों ने प्रदर्शन की तैयारी की थी। शहर के आमजनों को इस बारे में जब पता चला तो उनका विरोध किया। पुलिस प्रशासन के सहयोग से मानसरोवर पार्क में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने छात्रों को हिरासत में लेकर उन्हें थाने ले गई। महामंडलेश्वर अनभूतानंद, बाबा सुखा शाह ने कहा कि देश विरोधी कार्य निंदनीय है। पार्क में कुछ युवकों के बारे में राष्ट्र विरोधी गतिविधि करने व अराजकता फैलाने की सूचना मिली थी। इस पर समाज के जागरूक लोगों ने वहां पुलिस की मदद से कार्रवाई की। कुछ युवक समाज को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे थे। ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। इस बारे में जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा गया है। इस मौके पर विकास मिश्रा, अमित कुमार, सौरव, सरला देवी, सुषमा, प्रिंस, नरेश, कमल, प्रिंस दुआ, पंकज सपड़ा, महेंद्र अग्रवाल, गुलशन निझावन व अन्य लोग मौजूद रहे।
पार्क में कुछ युवकों के होने की सूचना मिली थी। हिंदू संगठनों ने इन पर देश विरोध गतिविधि व नारेबाजी करने का आरोप लगाया था। इस पर कार्रवाई करते हुए छह युवकों को हिरासत में लिया था। बाद में पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
-अंकिता, प्रभारी, सिविल लाइन थाना।