रोहतक के चांदी टोला प्लाजा को फ्री करवाने के लिए धरने पर बैठे ग्रामीण। संवाद
रोहतक। चांदी टोला प्लाजा को टोल फ्री करवाने के लिए आसपास के गांवों के लोग सड़क पर उतर आए। चांदी टोल के दायरे वाले 17 से अधिक गांवों के ग्रामीणों ने 12 घंटे टोल प्लाजा पर धरना दिया।
ग्रामीणों ने पूरे टोल को सभी वाहनों के लिए फ्री करा दिया। दिन में महम के एसडीएम मुकुंद ने भी टोल प्लाजा को नियमों के अनुसार फ्री करने का आश्वासन दिया था लेकिन ग्रामीण नहीं माने और धरने पर डटे रहे।
जींद रोड पर चांदी गांव के पास टोल प्लाजा से आसपास के गांवों से भी निरंतर टोल वसूला जा रहा है। इसे लेकर ग्रामीणों ने नाराजी जाहिर की है। सोमवार को आसपास गांवों ने टोल नीति के खिलाफ धरना दिया।
धरने में लाखन माजरा ब्लॉक के ग्रामीणों ने टोल प्लाजा पर धरना देकर टोल को फ्री कराया। ग्रामीणों के समर्थन में नवीन जयहिंद धरनास्थल पर पहुंचे और गांववासियों की मांगों का समर्थन किया।
सरपंच एसोसिएशन के प्रधान व खरैंटी के सरपंच जगबीर सिंह ने बताया कि उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने आश्वासन दिया है कि मंगलवार को एनएचएआई अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी।
इसके बाद फैसला लेकर टोल को नियमों के अनुसार फ्री करवा दिया जाएगा। जगबीर सिंह ने बताया कि अगर मंगलवार को भी समस्या का समाधान नहीं हुई तो फिर बुधवार को टोल प्लाजा को फ्री करेंगे और धरना देंगे।