रोहतक । रोहतक। नगर निगम की पहरावर गोशाला में 2,600 से अधिक गोवंश के रखरखाव, चारे, पानी और चिकित्सा देखभाल के लिए नया टेंडर अलॉट होने के बाद ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को पत्र भेजकर टेंडर निरस्त करने की मांग की है।
नगर निगम ने गोशाला के संचालन के लिए एक वर्ष का टेंडर जारी किया है, जो 1 सितंबर से लागू होगा। तब तक पुराना टेंडर ही प्रभावी रहेगा। टेंडर के अनुसार प्रति गोवंश के रखरखाव के लिए निगम प्रतिदिन 36.50 रुपये का भुगतान करेगा। इस प्रक्रिया में दो आवेदन आए थे। इनमें श्री नारायणी सेना चैरिटेबल ट्रस्ट ने प्रति गोवंश 36.50 रुपये प्रतिदिन की सबसे कम दर भरी जबकि दूसरे आवेदक की दर अधिक थी। इसी आधार पर ट्रस्ट को टेंडर अलॉट किया गया।
पहरावर के ग्रामीण आजाद, सतीश, सोमबीर, राजेश, सोनू, जतिन, प्रवीण कुमार और शिवकुमार सहित अन्य लोगों का कहना है कि संबंधित ट्रस्ट को पहले भी गोशाला का टेंडर मिला था। वहीं, इस संबंध में नगर निगम आयुक्त सत्येंद्र दुहन से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि वह बैठक में व्यस्त हैं और बाद में इस विषय पर बात करेंगे।