हरियाणा के चरखी दादरी में गांव तिवाला स्थित राजकीय स्कूल की जमीन पर कुछ ग्रामीणों के अवैध कब्जे का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
वीरवार को भी स्कूल की जमीन की पैमाइश की गई लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
बाद में पैमाइश टीम मौके से वापस लौट गई। पैमाइश टीम के वापस लौटने पर ग्रामीणों ने स्कूल की छुट्टी करवाकर मेन गेट पर ताला जड़ दिया और गेट के बाहर बैठ गए।
गांव तिवाला स्थित राजकीय स्कूल के जमीन पर अवैध कब्जा करने का मामला गरमाता जा रहा है।
बुधवार और वीरवार लगातार दो दिनों तक इस जमीन की पैमाइश करवाई गई लेकिन बात सिरे नहीं चढ़ सकी। इस पैमाइश प्रणाली को लेकर ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए।
वीरवार दोपहर के समय जब राजस्व विभाग की टीम पैमाइश कर रही थी तो ग्रामीण जमीन की निशानदेही पर संतुष्ट नहीं हुए। बाद में पैमाइश का कार्य बंद कर दिया गया।
इस पर ग्रामीणों ने स्कूल के मेन गेट पर ताला जड़ दिया। काफी संख्या में ग्रामीणों ने स्कूल में जाकर आधी छुट्टी में ही स्कूल की छुट्टी करवा दी और स्कूल को ताला लगाकर गेट के बाहर बैठ गए।
काफी देर बाद डीएसपी बिजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे लेकिन ग्रामीण नहीं माने। डीएसपी ने शुक्रवार को जायज पैमाइश करवाने का आश्वासन भी दिया लेकिन स्कूल का ताला नहीं खोला जा सका।