माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। विजय नगर के बहुचर्चित चौहरे हत्याकांड में शुक्रवार को एएसजे संदीप दुग्गल की अदालत में सुनवाई हुई। माता-पिता, बहन व नानी की हत्यारोपी अभिषेक उर्फ मोनू की वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेशी हुई। शिवाजी कॉलोनी थाने के तत्कालीन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलवंत सिंह से उनकी गवाही को लेकर सवाल-जवाब किए गए। अब 10 अप्रैल को सुनवाई की तिथि तय की गई है।
पुलिस के मुताबिक, विजय नगर में 27 अगस्त 2021 को प्रॉपर्टी डीलर बबलू पहलवान, उनकी पत्नी बबली, बेटी नेहा उर्फ तमन्ना व बबली की मां रोशनी को घर के अंदर ही सिर में गोलियां मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए बबलू के इकलौते बेटे 20 वर्षीय अभिषेक उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया था। अभिषेक तभी से न्यायिक हिरासत के चलते सुनारिया जेल में बंद है। केस में गवाही की प्रक्रिया चल रही है।